एसआईएस का 2026-27 में 20,000 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य, पांच लाख कार्यबल पर नजर

Ads

एसआईएस का 2026-27 में 20,000 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य, पांच लाख कार्यबल पर नजर

  •  
  • Publish Date - May 3, 2026 / 12:23 PM IST,
    Updated On - May 3, 2026 / 12:23 PM IST

नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) सुरक्षा और सुविधा प्रबंधन सेवा प्रदाता एसआईएस लिमिटेड का लक्ष्य वित्त वर्ष 2026-27 तक 20,000 करोड़ रुपये के राजस्व को पार करना है। कंपनी के समूह प्रबंध निदेशक ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि मजबूत दोहरे अंकों की वृद्धि, सेवा नेटवर्क के विस्तार और नए श्रम कोड के तहत एक सरलीकृत नियामक ढांचे की मदद से उसे यह लक्ष्य हासिल करने का भरोसा है।

एसआईएस वर्तमान में लगभग 3.46 लाख लोगों को रोजगार देती है। उसे चालू वित्त वर्ष में अपने मुख्य सुरक्षा समाधान और सुविधा प्रबंधन सेवाओं में तेज वृद्धि की उम्मीद है।

कंपनी का परिचालन भारत के अलावा सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे बाजारों में भी है। वह 2030 तक अपने कार्यबल को बढ़ाकर पांच लाख करने का लक्ष्य बना रही है। अगर ऐसा हुआ तो कंपनी निजी क्षेत्र के शीर्ष पांच नियोक्ताओं शामिल हो जाएगी।

सिन्हा ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा, ”वित्त वर्ष 2026-27 में हमारी ऑर्डर बुक और हमारी वर्तमान वृद्धि दर को देखते हुए हम लगभग 20,000 करोड़ रुपये के राजस्व और कर पश्चात लाभ (पीएटी) में लगभग 500 करोड़ रुपये का लक्ष्य रख रहे हैं।”

उन्होंने कहा कि कंपनी अर्थव्यवस्था के बढ़ते औपचारिकरण और संगठित सुरक्षा एवं सुविधा प्रबंधन सेवाओं के लिए बढ़ती प्राथमिकता के समर्थन से सभी क्षेत्रों में मजबूत मांग देख रही है।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय