ऑरम प्रॉपटेक ने 458 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर हाउसिंग डॉट कॉम का किया अधिग्रहण

Ads

ऑरम प्रॉपटेक ने 458 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर हाउसिंग डॉट कॉम का किया अधिग्रहण

  •  
  • Publish Date - July 16, 2026 / 01:19 PM IST,
    Updated On - July 16, 2026 / 01:19 PM IST

नयी दिल्ली, 16 जुलाई (भाषा) रियल एस्टेट क्षेत्र की कंपनी ऑरम प्रॉपटेक लिमिटेड ने कारोबार विस्तार के लिए 458 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर पूर्णतः शेयर आधारित सौदे में संपत्ति वर्गीकृत मंच हाउसिंग डॉट कॉम का अधिग्रहण करने की बृहस्पतिवार को घोषणा की।

हाउसिंग डॉट कॉम का स्वामित्व ऑस्ट्रेलिया के आरईए ग्रुप के पास है।

मुंबई स्थित ऑरम प्रॉपटेक ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि उसने पूर्णतः शेयर आधारित लेनदेन के तहत हाउसिंग डॉट कॉम में 100 प्रतिशत हिस्सेदारी के अधिग्रहण के लिए बाध्यकारी शेयर अधिग्रहण समझौता किया है। 458 करोड़ रुपये के उद्यम मूल्य पर हुआ यह सौदा प्रॉपटेक क्षेत्र के प्रमुख अधिग्रहणों में से एक है।

इस सौदे के तहत ऑरम प्रॉपटेक 1,97,93,309 शेयर जारी करेगी, जो विस्तारित शेयर पूंजी का लगभग 20.5 प्रतिशत होगा।

इस लेनदेन के बाद ऑरम प्रॉपटेक में आरईए इंडिया की कुल हिस्सेदारी बढ़कर 24.9 प्रतिशत हो जाएगी। मौजूदा शेयर मूल्य के आधार पर बीएसई में ऑरम प्रॉपटेक का बाजार पूंजीकरण करीब 1,900 करोड़ रुपये है।

इससे पहले ऑरम प्रॉपटेक ने आरईए ग्रुप से आवासीय ब्रोकरेज मंच प्रॉपटाइगर का भी अधिग्रहण किया था।

इस सौदे के बाद हाउसिंग डॉट कॉम और ऑरम का प्रौद्योगिकी-संचालित प्रॉपटेक कारोबार एकीकृत मंच के रूप में कार्य करेगा।

ऑरम वेंचर्स के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) आशीष देवड़ा ने कहा, ‘‘भारतीय संपत्ति प्रौद्योगिकी क्षेत्र के कृत्रिम मेधा (एआई) संचालित अगले चरण में हम आरईए का ऑरम प्रॉपटेक में एक महत्वपूर्ण शेयरधारक के रूप में स्वागत करते हैं।’’

भाषा निहारिका

निहारिका