महाराष्ट्र में प्लांट वालों की मांग से सोयाबीन तिलहन में सुधार
महाराष्ट्र में प्लांट वालों की मांग से सोयाबीन तिलहन में सुधार
नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) महाराष्ट्र में सोयाबीन के तेल रहित खल (डीओसी) की स्थानीय मांग बढ़ने के बीच सोयाबीन तिलहन में सुधार दिखा। सस्ता होने से मांग बढ़ने के कारण सरसों तेल-तिलहन, कम उपलब्धता के कारण बिनौला तेल के दाम भी मजबूत रहे।
बाजार सूत्रों के अनुसार, वहीं सामान्य एवं सुस्त कामकाज के बीच मूंगफली तेल-तिलहन, लागत से नीचे दाम पर आयातकों की बिकवाली के बीच सोयाबीन तेल, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तेल के दाम स्थिर रहे।
मलेशिया एक्सचेंज दोपहर साढ़े तीन बजे गिरावट के साथ बंद हो गया। शिकागो एक्सचेंज में सुधार जारी है।
बाजार सूत्रों के अनुसार, महाराष्ट्र के लातुर में प्लांट वालों ने सोयाबीन तिलहन 7,000 रुपये क्विंटल के प्लांट डिलिवरी भाव से खरीद की जो न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) से कहीं अधिक कीमत है। कई वर्षो से देश के सोयाबीन किसानों की हालत काफी बुरी रही है लेकिन इस बार उन्होंने राहत की सांस ली है।
मौजूदा समय में जो दाम किसानों को मिल रहे हैं, उससे सोयाबीन की बिजाई अच्छी रहने की उम्मीद की जा रही है। 20-25 दिनों में महाराष्ट्र के सांगली में सोयाबीन बिजाई का काम शुरु हो जायेगा।
उन्होंने कहा कि सरसों के सस्ता होने के कारण सरसों तेल-तिलहन की अच्छी मांग है और आयातित तेल इसके सामने टिक नहीं पा रहे हैं। सरसों तेल का रिफाइंड भी बनाया जा रहा है। खपत की यह रफ्तार आगे जाकर सरसों के मामले में दिक्कत भी पैदा कर सकता है, इसलिए सरकार को इसका स्टॉक बनाकर रखने की जरुरत है। सरकार को मूंगफली और सोयाबीन का भी स्टॉक रखना बेहतर साबित हो सकता है।
सूत्रों ने कहा कि कम उपलब्धता के कारण बिनौला तेल में भी सुधार आया। हरियाणा, पंजाब में कपास नरमा एमएसपी से लगभग 10 प्रतिशत ऊंचे दाम पर बिका है।
सामान्य एवं सुस्त कामकाज के बीच मूंगफली तेल-तिलहन, सोयाबीन तेल, पाम-पामोलीन के दाम स्थिर बने रहे।
तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे:
सरसों तिलहन – 7,000-7,725 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली – 6,675-7,150 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 15,800 रुपये प्रति क्विंटल।
मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,505-2,805 रुपये प्रति टिन।
सरसों तेल दादरी- 14,350 रुपये प्रति क्विंटल।
सरसों पक्की घानी- 2,405-2,505 रुपये प्रति टिन।
सरसों कच्ची घानी- 2,405-2,550 रुपये प्रति टिन।
सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,700 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,600 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,300 रुपये प्रति क्विंटल।
सीपीओ एक्स-कांडला- 13,650 रुपये प्रति क्विंटल।
बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 15,100 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,500 रुपये प्रति क्विंटल।
पामोलिन एक्स- कांडला- 14,300 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल।
सोयाबीन दाना – 6,850-6,900 रुपये प्रति क्विंटल।
सोयाबीन लूज- 6,500-6,575 रुपये प्रति क्विंटल।
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण

Facebook


