तमिलनाडु में धान किसानों के लिए 134.83 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज

Ads

तमिलनाडु में धान किसानों के लिए 134.83 करोड़ रुपये का विशेष पैकेज

  •  
  • Publish Date - June 12, 2026 / 07:14 PM IST,
    Updated On - June 12, 2026 / 07:14 PM IST

चेन्नई, 12 जून (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने दक्षिण-पश्चिम मानसून में देरी के कारण धान किसानों पर पड़ने वाले असर को कम करने के लिए शुक्रवार को 134.83 करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की।

यह पैकेज कावेरी डेल्टा के तंजावुर, तिरुवरूर और नागपट्टिनम जिलों के साथ-साथ अन्य जिलों के किसानों को भी मिलेगा।

इसका उद्देश्य किसानों को जून में बोई जाने वाली और सितंबर में काटी जाने वाली अल्पावधि धान फसल ‘कुरुवई’ की खेती में सहायता देना है।

यह पैकेज अप्रैल और मई में शुरू होने वाले कार और सोरनावरी मौसम की 120 दिन की धान फसल की खेती में भी मदद करेगा।

आमतौर पर खेती के लिए हर साल 12 जून को मेट्टूर बांध से पानी छोड़ा जाता है। लेकिन मौसम विभाग द्वारा सामान्य से कम बारिश का अनुमान जताए जाने और दक्षिण-पश्चिम मानसून में देरी के कारण इस बार बांध से पानी नहीं छोड़ा जा सका।

राज्य सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मेट्टूर बांध का जलस्तर फिलहाल 79.56 फुट है, इसलिए अभी पानी छोड़ना संभव नहीं है।

पानी छोड़े जाने में देरी के कारण कावेरी डेल्टा क्षेत्र में सामान्य रूप से होने वाली पांच लाख एकड़ खेती प्रभावित हुई है। हालांकि अधिकारियों का अनुमान है कि भूजल स्रोतों की मदद से 3.55 लाख एकड़ क्षेत्र में खेती की जा सकती है।

राज्य सरकार ने इस विशेष पैकेज में से 77.50 करोड़ रुपये डेल्टा क्षेत्र के किसानों के लिए और 57.33 करोड़ रुपये अन्य जिलों के किसानों के लिए निर्धारित किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पैकेज मौजूदा मौसम संबंधी चुनौतियों के बावजूद किसानों की आजीविका की रक्षा करेगा, उत्पादन बढ़ाएगा और राज्य की खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाएगा।

योजना के तहत किसानों को जैव उर्वरक, धान के लिए सूक्ष्म पोषक तत्व वाले उर्वरक और बीज पर सहायता दी जाएगी। साथ ही खेती की आय और उत्पादन बढ़ाने के लिए विभिन्न प्रोत्साहन भी दिए जाएंगे।

भाषा योगेश रमण

रमण