मुंबई, 12 जून (भाषा) अमेरिका एवं ईरान में शांति कायम होने के संकेतों से वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल की कीमतें गिरने से शुक्रवार को घरेलू शेयर बाजारों में जोरदार उछाल आया। सेंसेक्स 1,695 अंक से अधिक चढ़ गया जबकि निफ्टी में करीब 461 अंक की तेजी दर्ज की गई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,695.40 अंक यानी 2.30 प्रतिशत उछलकर 75,527.95 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,775.47 अंक यानी 2.40 प्रतिशत चढ़कर 75,608.02 अंक तक पहुंच गया।
इसी तरह, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 461.30 अंक यानी 1.99 प्रतिशत बढ़कर 23,622.90 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 483.75 अंक प्रतिशत चढ़कर 23,645.35 तक पहुंच गया था।
विश्लेषकों के मुताबिक, ईरान युद्ध पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सकारात्मक बयान से शेयर बाजार में तेजी आई। ट्रंप ने ईरान के साथ युद्ध खत्म होने और दोनों देशों के बीच समझौते को लेकर सहमति बनने की बात कही है। इससे वैश्विक स्तर पर तनाव कम होने की उम्मीद बढ़ी और निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से बजाज फाइनेंस, लार्सन एंड टुब्रो, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो), टाइटन, इटर्नल और एचडीएफसी बैंक के शेयर प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ, सेंसेक्स में शामिल टेक महिंद्रा और पावर ग्रिड ही नुकसान में रहने वाली कंपनियों में शामिल रहीं।
बजाज ब्रोकिंग रिसर्च ने अपनी टिप्पणी में कहा, ‘वैश्विक धारणा में सुधार और आक्रामक लिवाली से भारतीय बाजारों में तगड़ा उछाल देखा गया। अमेरिका-ईरान के बीच शांति समझौता होने की उम्मीद पैदा होने और कच्चा तेल 88 डॉलर के नीचे आ जाने के साथ रुपये में मजबूती से भी निवेशक धारणा को बल मिला।’
व्यापक बाजार में छोटी कंपनियों का बीएसई स्मालकैप सूचकांक 2.75 प्रतिशत उछल गया जबकि मझोली कंपनियों का मिडकैप सूचकांक 2.66 प्रतिशत की बढ़त पर रहा।
क्षेत्रवार सूचकांकों में रियल्टी खंड ने सर्वाधिक 3.55 प्रतिशत की उछाल दर्ज की जबकि औद्योगिक खंड में 3.45 प्रतिशत, वित्तीय सेवा खंड में 3.14 प्रतिशत और निजी बैंक सूचकांक में 3.07 प्रतिशत की तेजी रही।
बीएसई पर सूचीबद्ध कुल 3,222 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए जबकि 1,046 शेयरों में गिरावट रही और 154 अन्य अपरिवर्तित रहे।
सप्ताह के अंतिम कारोबारी दिवस पर आए इस उछाल से बीएसई सेंसेक्स में साप्ताहिक आधार पर 1,284.61 अंक यानी 1.73 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई जबकि एनएसई निफ्टी 256.2 अंक यानी एक प्रतिशत की बढ़त में रहा।
शुक्रवार को सकारात्मक वैश्विक संकेतों से वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 3.98 प्रतिशत गिरकर 86.78 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 4.63 प्रतिशत और जापान का निक्की सूचकांक 2.81 प्रतिशत चढ़ा। चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक भी बढ़त में रहे।
यूरोपीय बाजार भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को मजबूती के साथ बंद हुए थे।
लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक हरिप्रसाद के. ने कहा, ‘अमेरिका-ईरान संघर्ष थमने की खबर आने से हाल के दिनों की सबसे बड़ी तेजी देखी गई। वैश्विक जोखिम धारणा में सुधार, वैश्विक तनाव में कमी और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से घरेलू शेयर बाजार को समर्थन मिला।’
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 1,987.09 करोड़ रुपये के शेयरों की बिकवाली की थी।
पिछले कारोबारी सत्र में सेंसेक्स 150.63 अंक गिरकर 73,832.55 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 53.35 अंक फिसलकर 23,161.60 अंक पर आ गया था।
भाषा प्रेम
प्रेम रमण
रमण