श्रीलंका के केंद्रीय बैंक के आंकड़े 2025 से महंगाई में स्थिर बढ़ोतरी का देते हैं संकेत

Ads

श्रीलंका के केंद्रीय बैंक के आंकड़े 2025 से महंगाई में स्थिर बढ़ोतरी का देते हैं संकेत

  •  
  • Publish Date - April 21, 2026 / 01:39 PM IST,
    Updated On - April 21, 2026 / 01:39 PM IST

कोलंबो, 21 अप्रैल(भाषा) श्रीलंका की अर्थव्यवस्था कीमतों में गिरावट (डिफ्लेशन) के दौर से बाहर आ गई है और केंद्रीय बैंक के आंकड़े 2025 से महंगाई में स्थिर बढ़ोतरी का संकेत देते हैं। यह जानकारी द्वीप राष्ट्र के शीर्ष बैंक की रिपोर्ट में दी गई है।

श्रीलंका के केंद्रीय बैंक (सीबीएसएल) ने सोमवार को जारी ‘2025 की वार्षिक आर्थिक समीक्षा’ में कहा कि अर्थव्यवस्था ने पिछले वर्ष में हासिल हुई सुधार की प्रक्रिया को आगे बढ़ाना जारी रखा।

रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘ यह प्रगति निरंतर व्यापक आर्थिक स्थिरता और नीतिगत एवं संरचनात्मक सुधारों के सतत क्रियान्वयन से समर्थित रही।’’

इसके अनुसार, कीमतों में गिरावट की अवधि के बाद अगस्त 2025 से महंगाई दर बढ़ी।

रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘ विदेशी मुद्रा प्रवाहों ने बाहरी ऋण सेवा भुगतान के बीच भंडार के निरंतर निर्माण को संभव बनाया।’’

लचीली विनिमय दर व्यवस्था के तहत श्रीलंकाई रुपये (एलकेआर) में मामूली गिरावट दर्ज की गई।

केंद्रीय बैंक ने विदेशी मुद्रा खरीद के माध्यम से विदेशी भंडार बढ़ाने के प्रयास किए जिससे सुरक्षा कवच मजबूत हुआ और बाहरी क्षेत्र की स्थिरता में सुधार हुआ।

वर्ष 2025 में बैंक ने वित्तीय प्रणाली को आधुनिक बनाने और तेज आर्थिक व प्रौद्योगिकी बदलावों के बीच स्थिर बनाए रखने के लिए कई नियामकीय और विकासात्मक उपाय भी लागू किए।

धन शोधन रोधी, आतंकवाद के वित्तपोषण पर रोक और प्रसार वित्तपोषण के खिलाफ पहल में विधायी सुधारों के समर्थन से प्रगति हुई।

रिपोर्ट के अनुसार, 2025 के लिए श्रीलंका की अर्थव्यवस्था की कुल वृद्धि का अनुमान पांच प्रतिशत रहा।

केंद्रीय बैंक ने हालांकि आगाह किया कि लगातार बनी हुई वैश्विक अनिश्चितताएं जिनमें भू-राजनीतिक तनाव, व्यापार व्यवधान एवं जलवायु संबंधी जोखिम शामिल हैं आर्थिक परिदृश्य के लिए चुनौती बनी हुई हैं।

रिपोर्ट में कहा गया कि यह स्थिति पश्चिम एशिया में जारी युद्ध की अवधि और व्यापकता एवं उसके वैश्विक ऊर्जा बाजार, व्यापार प्रवाह और वित्तीय स्थितियों पर संभावित प्रभाव पर निर्भर करेगी।

बैंक ने कहा कि पश्चिम एशिया संघर्ष के प्रभाव को देखते हुए अब तक कम बनी हुई महंगाई दर के अपेक्षा से पहले लक्ष्य स्तर पर लौटने की संभावना है।

रिपोर्ट में कहा गया, ‘‘ बढ़ती वैश्विक अनिश्चितताओं और जलवायु परिवर्तन के लगातार प्रभावों के बीच नीतिगत सुरक्षा उपायों को बनाए रखना, संरचनात्मक सुधारों को तेज करना और उनके क्रियान्वयन में दृढ़ता बनाए रखना.. अर्थव्यवस्था की मजबूती एवं व्यापक आर्थिक व वित्तीय स्थिरता की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण होगा।’’

अमेरिका और इजराइल ने 28 फरवरी से ईरान पर संयुक्त हमला किया और ईरान की जवाबी कार्रवाई के बाद यह संघर्ष पूरे खाड़ी क्षेत्र में फैल गया जो आठ अप्रैल को शांति वार्ता के लिए युद्धविराम तक जारी रहा।

भाषा निहारिका मनीषा

मनीषा