शेयर बाजार में मिला-जुला रुख; निफ्टी 76 अंक चढ़ा, सेंसेक्स नुकसान में

Ads

शेयर बाजार में मिला-जुला रुख; निफ्टी 76 अंक चढ़ा, सेंसेक्स नुकसान में

  •  
  • Publish Date - September 18, 2026 / 04:54 PM IST,
    Updated On - September 18, 2026 / 04:54 PM IST

मुंबई, 18 सितंबर (भाषा) कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद आईटी कंपनियों और टाटा समूह की कंपनियों के शेयरों में कमजोर रुख के कारण मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी शुक्रवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 19.63 अंक यानी 0.03 प्रतिशत की गिरावट के साथ 74,294.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 413.85 अंक यानी 0.55 प्रतिशत बढ़कर 74,728.44 अंक तक पहुंच गया था। सेंसेक्स ने कारोबार के दौरान हासिल बढ़त को समापन नीलामी सत्र (सीएएस) में गंवा दिया।

वहीं, 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी लगातार तीसरे सत्र में बढ़त में रहा और 75.80 अंक यानी 0.33 प्रतिशत चढ़कर 23,346.40 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) का शेयर 4.33 प्रतिशत, टाइटन का 2.11 प्रतिशत, एशियन पेंट्स का दो प्रतिशत, मारुति का 1.98 प्रतिशत, टेक महिंद्रा का 1.82 प्रतिशत और टाटा स्टील का 1.73 प्रतिशत टूटा।

वहीं अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल के शेयर बढ़त में रहे।

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की 225, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग उल्लेखनीय बढ़त के साथ बंद हुए।

यूरोपीय बाजारों में दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।

एचएसटी वेल्थ के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) हरिसेल्वन राधाकृष्णन ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार शुक्रवार को मिले-जुले रुख के साथ बंद हुए। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और एशियाई बाजारों से मिले समर्थन से चुनिंदा शेयरों में लिवाली को बढ़ावा मिला। ब्रेंट कच्चे तेल की कीमत करीब 103.3 डॉलर प्रति बैरल तक आने से मुद्रास्फीति, रुपये और भारत की आयात लागत को लेकर चिंता कुछ कम हुई।’’

राधाकृष्णन ने कहा कि हालांकि, आईटी कंपनियों और टाटा समूह की कुछ कंपनियों के शेयर में कमजोरी के साथ-साथ कई बड़े आईपीओ में नकदी जाने से बाजार में व्यापक सुधार सीमित रहा।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई) के 22,569 करोड़ रुपये के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को शुक्रवार को बोली के दूसरे दिन पूर्ण अभिदान मिला।

अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल का वायदा भाव 1.35 प्रतिशत की गिरावट के साथ 103.4 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को शुद्ध रूप से 3,208.76 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।

सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 21.86 अंक की गिरावट और निफ्टी 53 अंक की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ था।

भाषा निहारिका रमण

रमण