मुंबई, 18 सितंबर (भाषा) मुंबई के गोरेगांव पूर्व इलाके में गणपति विसर्जन जुलूस के दौरान तेज संगीत और पटाखे चलाने पर आपत्ति जताने के लिए एक व्यक्ति पर हमला करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
वनराई थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मंगलवार सुबह गोटेवाड़ी रोड पर प्रधान सोसाइटी के बाहर हुई।
उन्होंने बताया कि अद्वैत अरुण मडकईकर (29) ने अपनी रिहायशी सोसाइटी के ठीक बाहर एक समूह द्वारा ढोल-ताशा बजाने और पटाखे फोड़ने पर आपत्ति जताई और उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया, जिससे कहासुनी हो गई।
अधिकारी ने कहा कि जिन लोगों का वीडियो बनाया जा रहा था, उनमें से चार लोगों ने मडकईकर पर हमला किया जिससे उनकी नाक में गंभीर चोट आई और उनकी सर्जरी की गई।
उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर बुधवार को चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने बताया कि इन चारों लोगों पर – जिनमें मूर्ति ढोने वाले वाहन का चालक भी शामिल है – भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आरोप लगाए गए हैं।
मडकईकर द्वारा पोस्ट किया गया एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया जिसमें वह अपनी चोटों को दिखा रहे हैं।
भाषा अविनाश मनीषा
मनीषा