मजबूत कॉरपोरेट कामकाज साझा जिम्मेदारी, किसी एक का दायित्व नहीं: एनएफआरए चेयरपर्सन

Ads

मजबूत कॉरपोरेट कामकाज साझा जिम्मेदारी, किसी एक का दायित्व नहीं: एनएफआरए चेयरपर्सन

  •  
  • Publish Date - June 17, 2026 / 04:57 PM IST,
    Updated On - June 17, 2026 / 04:57 PM IST

नयी दिल्ली, 17 जून (भाषा) राष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिंग प्राधिकरण (एनएफआरए) के चेयरपर्सन नितिन गुप्ता ने बुधवार को कहा कि कॉरपोरेट कामकाज किसी एक व्यक्ति का दायित्व नहीं, बल्कि एक साझा जिम्मेदारी है।

उन्होंने मुख्य वित्त अधिकारियों (सीएफओ) से लगातार आत्ममंथन करने और जोखिमों पर ध्यान देने की अपील की।

गुप्ता ने कंपनियों में हुई वित्तीय अनियमितताओं के विभिन्न उदाहरणों का उल्लेख करते हुए कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली वित्तीय रिपोर्टिंग आर्थिक सफलता की बुनियाद है।

एनएफआरए की स्थापना 2018 में कंपनी अधिनियम के तहत की गई थी।

राष्ट्रीय राजधानी में उद्योग संगठन एसोचैम द्वारा ‘वित्तीय कामकाज का भविष्य’ विषय पर आयोजित सम्मेलन में गुप्ता ने कहा कि सुदृढ़ कॉरपोरेट कामकाज किसी एक व्यक्ति का दायित्व नहीं, बल्कि यह एक साझा जिम्मेदारी है जिसमें दूरदर्शिता, सहयोग एवं विश्वास की आवश्यकता होती है।

उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट क्षेत्र में वित्तीय गड़बड़ियों के कई मामले सामने आए हैं।

गुप्ता ने कहा कि एक सामान्य समस्या यह है कि जब तक खामियों की पहचान नहीं होती, तब तक बही-खाते साफ नजर आते हैं। असली समस्या रचनात्मक लेखांकन या कम खुलासों में है, जिससे स्पष्टता दबा दी जाती है, छिपाई जाती है या देर से सामने आती है।

उन्होंने जवाबदेही और उच्च गुणवत्ता वाली वित्तीय रिपोर्टिंग एवं सुशासन के महत्व पर भी जोर दिया।

एनएफआरए के चेयरपर्सन ने कहा कि उच्च गुणवत्ता वाली वित्तीय रिपोर्टिंग आर्थिक सफलता की बुनियाद है क्योंकि निवेशक, ऋणदाता, बैंक एवं आपूर्ति श्रृंखला से जुड़े पक्ष अपने निर्णयों के लिए इन्हीं वित्तीय विवरणों तथा सूचनाओं पर निर्भर रहते हैं।

उन्होंने अंत में कहा कि कॉरपोरेट और वित्तीय कामकाज में विश्वास बहाल करने के लिए सभी हितधारकों की सामूहिक जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता आवश्यक है।

भाषा निहारिका अजय

अजय