नयी दिल्ली, 13 फरवरी (भाषा) नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने शुक्रवार को कहा कि हवाई अड्डों के आसपास इमारतों की ऊंचाई से जुड़ी पाबंदियों की समस्या के समाधान के लिए अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन उड्डयन संगठन (आईसीएओ) की मदद से एक अध्ययन कराया जा रहा है।
भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते नगार विमानन बाजारों में शामिल है और फिलहाल देश में 165 हवाई अड्डे संचालित हैं। अगले पांच वर्ष में करीब 50 नए हवाई अड्डे बनने का अनुमान है।
रियल एस्टेट क्षेत्र में तेजी के बीच उड़ान सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हवाई अड्डों के आसपास इमारतों की ऊंचाई पर प्रतिबंध लागू हैं।
इस पृष्ठभूमि में मंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में रियल एस्टेट उद्योग निकाय ‘नारेडको’ द्वारा आयोजित ‘राष्ट्रीय शहरी एवं रियल एस्टेट विकास सम्मेलन’ 2026 को संबोधित करते हुए इस अध्ययन का उल्लेख किया।
नायडू ने कहा कि नागर विमानन क्षेत्र लगातार बढ़ रहा है, लेकिन हवाई अड्डों के आसपास इमारतों की ऊंचाई एक बड़ी चुनौती बनी हुई है खासकर महानगरों जैसे मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता और चेन्नई में..।
उन्होंने कहा कि इस समस्या के समाधान के लिए अध्ययन शुरू किया गया है और इसके लिए अंतरराष्ट्रीय नागर विमानन संगठन को जोड़ा गया है। अध्ययन दल विभिन्न शहरों का दौरा कर रहा है तथा प्रौद्योगिकी एवं विमान संचालन से जुड़े पहलुओं का आकलन कर रहा है।
मंत्री ने कहा कि सभी सुझावों और जानकारियों को शामिल करते हुए एक रिपोर्ट तैयार की जाएगी। रिपोर्ट आने के बाद शहरी क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे के विकास को आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उन्होंने कहा, “मैं इस दिशा में समाधान निकालने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहा हूं।”
भाषा निहारिका
निहारिका