सुक्खू ने होटल और पर्यटन उद्योग से हिमाचल के उभरते पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने की अपील की

सुक्खू ने होटल और पर्यटन उद्योग से हिमाचल के उभरते पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने की अपील की

सुक्खू ने होटल और पर्यटन उद्योग से हिमाचल के उभरते पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने की अपील की
Modified Date: August 23, 2026 / 08:06 pm IST
Published Date: August 23, 2026 8:06 pm IST

शिमला, 23 अगस्त (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को पर्यटन उद्योग से जुड़े लोगों से घरेलू और विदेशी पर्यटकों को राज्य की यात्रा के लिए प्रोत्साहित करने तथा अपने यात्रा पैकेज में राज्य के नए और कम चर्चित पर्यटन स्थलों को शामिल करने की अपील की।

उन्होंने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) के 56वें वार्षिक सम्मेलन में देशभर से आए होटल क्षेत्र के पेशेवरों, यात्रा एजेंट, टूर ऑपरेटर और पर्यटन उद्योग से जुड़े अन्य प्रतिनिधियों का स्वागत और सम्मान करने के बाद यह अपील की।

सुक्खू ने कहा कि हिमाचल की शांत और सुरक्षित घाटियां, स्वच्छ हवा, निर्मल जल, बर्फ से ढके पहाड़, हरे-भरे जंगल, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सरल ग्रामीण जीवनशैली इसे देश और दुनिया के पर्यटकों के लिए एक विशिष्ट पर्यटन स्थल बनाते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आज के पर्यटक पारंपरिक दर्शनीय स्थलों से आगे बढ़कर शांति, प्रकृति, वास्तविक अनुभव, स्वास्थ्य एवं कल्याण, संस्कृति और स्थानीय समुदायों के साथ सार्थक जुड़ाव चाहते हैं। हिमाचल प्रदेश इन उभरती पसंदों को पूरा करने के लिए स्वाभाविक रूप से उपयुक्त है।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी और डिजिटल संपर्क में सुधार से कई दूरदराज के पर्यटन स्थल भी अब अधिक सुगम हो गए हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पर्यटकों को अनदेखे क्षेत्रों की यात्रा करने और स्थानीय संस्कृति, परंपराओं तथा जीवनशैली को करीब से अनुभव करने का अवसर देने के लिए अनुभव आधारित पर्यटन को बढ़ावा दे रही है।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय


लेखक के बारे में