तमिलनाडु सरकार औद्योगिक क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध: विधानसभा अध्यक्ष

Ads

तमिलनाडु सरकार औद्योगिक क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध: विधानसभा अध्यक्ष

  •  
  • Publish Date - July 24, 2026 / 08:15 PM IST,
    Updated On - July 24, 2026 / 08:15 PM IST

चेन्नई, 24 जुलाई (भाषा) तमिलनाडु विधानसभा के अध्यक्ष जे. सी. टी. प्रभाकर ने शुक्रवार को कहा कि राज्य सरकार औद्योगिक वृद्धि के लिए प्रतिबद्ध है और आगामी बजट सत्र में अर्थव्यवस्था को गति देने वाले सक्रिय बदलावों की घोषणा की जाएगी।

प्रभाकर ने ‘तमिझर 4.0 ग्लोबल ट्रेड एंड बिजनेस समिट’ के इतर संवाददाताओं से कहा, “सरकार की विभिन्न घोषणाओं से यह स्पष्ट है कि वह विशेष रूप से औद्योगिक क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोगों की अपेक्षाओं और जरूरतों के अनुरूप बदलाव लाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और उनसे जुड़े सभी विषयों की विस्तृत जानकारी रखते हैं।

सम्मेलन की अध्यक्षता करने वाले प्रभाकर ने उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से मांगों का एक ज्ञापन भी प्राप्त किया।

सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र की जरूरतों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें क्षेत्र की वृद्धि से संबंधित 10 सूत्री मांगपत्र सौंपा गया है।

उन्होंने कहा, “उद्योग प्रतिनिधियों ने स्पष्ट रूप से 10 ऐसी मांगें रखी हैं, जिन्हें सरकार के संज्ञान में लाया जाना चाहिए।”

प्रभाकर ने बताया कि संगठन ने इन प्रस्तावों और योजनाओं पर विस्तार से चर्चा के लिए मुख्यमंत्री से औपचारिक मुलाकात का समय भी मांगा है।

इस सम्मेलन का आयोजन ‘तमिलियन ट्रेड, बिजनेस एंड एग्रीकल्चर काउंसिल’ (तमिझर थोजिल वणिगा वेलन पेरुमंद्रम) ने किया।

भाषा योगेश रमण

रमण