टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स का आईपीओ सात अगस्त को खुलेगा, मूल्य दायरा 200-212 रुपये प्रति शेयर तय

Ads

टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स का आईपीओ सात अगस्त को खुलेगा, मूल्य दायरा 200-212 रुपये प्रति शेयर तय

  •  
  • Publish Date - August 3, 2026 / 01:05 PM IST,
    Updated On - August 3, 2026 / 01:05 PM IST

नयी दिल्ली, तीन अगस्त (भाषा) बुनियादी ढांचा क्षेत्र की कंपनी टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स लिमिटेड का 252 करोड़ रुपये का आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) सात अगस्त को खुलेगा।

नोएडा स्थित कंपनी ने सोमवार को बयान में कहा कि उसके पहले सार्वजनिक निर्गम के लिए मूल्य दायरा 200-212 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है। आईपीओ सात अगस्त को खुलेगा और 11 अगस्त को बंद होगा। बड़े (एंकर) निवेशक छह अगस्त को बोली लगा पाएंगे।

आईपीओ 95.05 लाख नए शेयर और 23.76 लाख शेयर की बिक्री पेशकश (ओएफएस) का मिश्रण है। मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर निर्गम का कुल आकार लगभग 251.88 करोड़ रुपये बैठता है।

नए निर्गम से प्राप्त राशि में से 150 करोड़ रुपये का उपयोग कंपनी की कार्यशील पूंजी की जरूरतों को पूरा करने के लिए किया जाएगा। शेष राशि का इस्तेमाल सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों और निर्गम से जुड़े खर्चों के लिए होगा।

कंपनी का शेयर बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध कराने का प्रस्ताव है।

वर्ष 1998 में स्थापित टेक्नोक्राफ्ट वेंचर्स इंजीनियरिंग, खरीद एवं निर्माण (ईपीसी) क्षेत्र की कंपनी है।

भाषा निहारिका

निहारिका