रुपया शुरुआती कारोबार में 21 पैसे चढ़कर 90.44 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया शुरुआती कारोबार में 21 पैसे चढ़कर 90.44 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - February 9, 2026 / 10:13 AM IST,
    Updated On - February 9, 2026 / 10:13 AM IST

मुंबई, नौ फरवरी (भाषा) रुपया सोमवार को शुरुआती कारोबार में 21 पैसे चढ़कर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.44 पर पहुंच गया।

भारत और अमेरिका के बीच अंतरिम व्यापार समझौते की रूपरेखा तैयार होने के बाद सकारात्मक बाजार भावना से घरेलू मुद्रा को बल मिला।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि रुपये ने हालांकि कमजोर शुरुआत की लेकिन जल्द ही अपनी खोई हुई बढ़त हासिल करके सकारात्मक रुख के साथ कारोबार करने लगा।

भारत और अमेरिका ने अंतरिम व्यापार समझौते के लिए एक रूपरेखा तैयार करने की शनिवार को घोषणा की थी जिसके तहत दोनों पक्ष द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ावा देने के लिए कई वस्तुओं पर आयात शुल्क कम करेंगे।

इसके अलावा, डॉलर सूचकांक में गिरावट और घरेलू शेयर बाजार में सकारात्मक रुझान ने निवेशकों के विश्वास को और मजबूत किया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.66 पर खुला। फिर कुछ बढ़त हासिल करते हुए 90.44 पर पहुंच गया जो पिछले बंद भाव से 21 पैसे की बढ़त दर्शाता है।

रुपया शुक्रवार को 31 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.65 पर बंद हुआ था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.05 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.58 पर रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 415.97 अंक चढ़कर 83,996.37 अंक पर जबकि निफ्टी 126.05 अंक की बढ़त के साथ 25,819.75 अंक पर पहुंच गया।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.94 प्रतिशत की गिरावट के साथ 67.41 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) शुक्रवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 1,950.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा निहारिका

निहारिका