टीपीसीआई ने पालतू पशु आहार उद्योग की वृद्धि के लिए राष्ट्रीय समिति का किया गठन
टीपीसीआई ने पालतू पशु आहार उद्योग की वृद्धि के लिए राष्ट्रीय समिति का किया गठन
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) उद्योग संगठन भारतीय व्यापार संवर्द्धन परिषद (टीपीसीआई) ने तेजी से बढ़ते पालतू पशु (पेट) आहार उद्योग की वृद्धि और नवाचार को बढ़ावा देने के मकसद से एक राष्ट्रीय समिति का गठन किया है।
पालतू पशु आहार में पालतू जानवरों- खासकर कुत्तों और बिल्लियों के लिए तैयार भोजन ट्रीट और पोषण संबंधी उत्पाद शामिल हैं, जिन्हें खुदरा बिक्री के लिए पैक किया जाता है।
टीपीसीआई ने बुधवार को कहा कि शहरी उपभोक्ताओं के घर पर तैयार भोजन से पैकेज्ड पोषण की ओर बढ़ने के कारण भारत का पालतू पशु आहार बाजार का तेजी से विस्तार हो रहा है।
बाजार के अनुमानों के अनुसार, वैश्विक पालतू पशु आहार बाजार का आकार 2026 में 226.31 अरब डॉलर है, जिसके 2031 तक बढ़कर 324.17 अरब डॉलर पहुंचने की उम्मीद है।
भारत में यह बाजार 2026 में 98 करोड़ डॉलर का रहने का अनुमान है और 2031 तक इसके 1.68 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है।
टीपीसीआई के चेयरमैन मोहित सिंगला ने कहा, ‘‘बदलती उपभोक्ता जीवनशैली, पशुओं को पालने की बढ़ती प्रवृत्ति तथा उनके स्वास्थ्य और कल्याण पर बढ़ते जोर से भारत का पालतू पशु उद्योग अभूतपूर्व बदलाव के दौर से गुजर रहा है।’’
उन्होंने कहा कि नेशनल पेट इंडस्ट्री कमेटी ऑफ इंडिया का गठन उद्योग के प्रमुख हितधारकों को एक साझा सहयोगी मंच पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
भाषा यासिर अजय
अजय

Facebook


