नयी दिल्ली, 20 फरवरी (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा कि ब्रिटेन और ओमान के साथ भारत के मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) अप्रैल में लागू होने की संभावना है, जबकि न्यूजीलैंड के साथ समझौता सितंबर से प्रभावी हो सकता है।
इसके साथ ही गोयल ने कहा कि 27 देशों का समूह यूरोपीय संघ (ईयू) भी भारत के साथ व्यापार समझौते को जल्द से जल्द लागू करना चाहता है।
गोयल ने 25,060 करोड़ रुपये के निर्यात प्रोत्साहन मिशन के सात घटकों की शुरुआत करते हुए कहा, ‘ये 27 यूरोपीय देश चाहते हैं कि हम इसे जल्द-से-जल्द लागू करें।’
उन्होंने कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ब्रिटेन और ओमान के साथ एफटीए अप्रैल में लागू होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड के साथ एफटीए के सितंबर में प्रभावी होने की उम्मीद है।
भारत और ब्रिटेन ने 24 जुलाई, 2025 को व्यापक आर्थिक और व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत 99 प्रतिशत भारतीय निर्यात को ब्रिटिश बाजार में शून्य शुल्क पर प्रवेश मिलेगा, जबकि भारत में ब्रिटिश कारों और व्हिस्की पर शुल्क कम होगा। ब्रिटिश संसद की मंजूरी के बाद इसे आपसी सहमति वाली तारीख पर लागू किया जाएगा।
भारत ने 18 दिसंबर, 2025 को ओमान के साथ व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इसके तहत ओमान ने भारत के 99.38 प्रतिशत निर्यात उत्पादों पर शून्य शुल्क की पेशकश की है। इससे रत्न-आभूषण, कपड़ा, चमड़ा और फार्मा जैसे श्रम-प्रधान क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलेगा।
भारत ने न्यूजीलैंड के साथ व्यापार वार्ता 22 दिसंबर, 2025 को संपन्न की औप इस समझौते पर 2026 की पहली छमाही में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
भारत और यूरोपीय संघ ने 27 जनवरी को एफटीए पर वार्ता पूरी की, जिसे ‘अत्यधिक महत्वपूर्ण’ कहा जा रहा है। इसके तहत भारत के 93 प्रतिशत उत्पादों को यूरोपीय बाजारों में शुल्क मुक्त पहुंच मिलेगी। लगभग दो दशक की बातचीत के बाद हुए इस सौदे के 2027 की शुरुआत में लागू होने की उम्मीद है, जिससे दो अरब लोगों का एक विशाल बाजार तैयार होगा।
इजरायल के साथ एफटीए वार्ता के लिए नवंबर 2025 में संदर्भ शर्तें (टीओआर) तय की गईं, जिसका पहला दौर जल्द शुरू होगा। वहीं, छह खाड़ी देशों के समूह (जीसीसी) के साथ भी वार्ता शुरू करने के लिए पांच फरवरी को सहमति बनी है।
इसके अलावा, कनाडा के साथ भी नए सिरे से व्यापार वार्ता शुरू करने की तैयारी जारी है।
भाषा सुमित प्रेम
प्रेम