ट्राई ने मोबाइल शुल्क दरों पर टिप्पणी देने की समयसीमा बढ़ाई

Ads

ट्राई ने मोबाइल शुल्क दरों पर टिप्पणी देने की समयसीमा बढ़ाई

  •  
  • Publish Date - April 28, 2026 / 10:33 PM IST,
    Updated On - April 28, 2026 / 10:33 PM IST

नयी दिल्ली, 28 अप्रैल (भाषा) दूरसंचार नियामक ट्राई ने मोबाइल शुल्क दरों से जुड़े मसौदा नियमों पर टिप्पणियां देने की समयसीमा एक सप्ताह बढ़ाकर पांच मई कर दी है।

भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि पहले हितधारकों से टिप्पणियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 28 अप्रैल तय की गई थी, जिसे अब बढ़ा दिया गया है।

दूरसंचार नियामक ने यह निर्णय विभिन्न हितधारकों और उनके संगठनों से समय बढ़ाने के अनुरोध मिलने के बाद लिया है।

मसौदा ‘दूरसंचार उपभोक्ता संरक्षण (13वां संशोधन) विनियम, 2026’ के तहत ट्राई ने प्रस्ताव दिया है कि दूरसंचार कंपनियों के लिए केवल कॉलिंग और एसएमएस सेवाओं वाले मोबाइल प्लान कम कीमत पर उपलब्ध कराना अनिवार्य किया जाए। वर्तमान में कई रिचार्ज प्लान डेटा सेवाओं के साथ संबद्ध होते हैं।

ट्राई ने यह भी पाया कि जब कंपनियों ने केवल वॉयस और एसएमएस वाले पैक पेश किए, तो उनकी कीमत अपेक्षाकृत अधिक रखी गई और डेटा हटाने के अनुरूप कीमतों में पर्याप्त कमी नहीं की गई।

नियामक के अनुसार, पहले किए गए बदलाव का अपेक्षित प्रभाव नहीं दिखा इसलिए नया प्रस्ताव लाया गया है।

ट्राई ने मसौदा नियमों पर जवाबी टिप्पणियां देने की अंतिम तिथि 12 मई 2026 निर्धारित की है।

भाषा प्रेम

प्रेम रमण

रमण