आईईएक्स पर कारोबार दिसंबर में सात प्रतिशत गिरकर 845.2 करोड़ यूनिट पर

आईईएक्स पर कारोबार दिसंबर में सात प्रतिशत गिरकर 845.2 करोड़ यूनिट पर

आईईएक्स पर कारोबार दिसंबर में सात प्रतिशत गिरकर 845.2 करोड़ यूनिट पर
Modified Date: January 3, 2023 / 04:33 pm IST
Published Date: January 3, 2023 4:33 pm IST

नयी दिल्ली, तीन जनवरी (भाषा) बिजली का कारोबार करने वाले इंडियन एनर्जी एक्सचेंज (आईईएक्स) का दिसंबर के महीने में कुल व्यापार एक साल पहले की तुलना में सात प्रतिशत गिरकर 845.2 करोड़ यूनिट पर आ गया।

आईईएक्स ने मंगलवार को बयान में कहा कि बिजली की औसत हाजिर कीमत अधिक होने और नवीकरणीय ऊर्जा प्रमाण पत्रों का कम कारोबार होने से दिसंबर में उसके कुल कारोबार में गिरावट आई है।

हालांकि, नवंबर 2022 की तुलना में दिसंबर में उसके कारोबार की मात्रा नौ प्रतिशत बढ़ी है। दिसंबर, 2021 में इसका कुल कारोबार 903.5 करोड़ यूनिट रहा था।

इसके साथ ही आईईएक्स पर चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में कुल 24.2 अरब यूनिट का कारोबार हुआ है।

बिजली एक्सचेंज ने कहा कि कोयले की ई-नीलामी के ऊंचे हाजिर भाव और आपूर्ति से जुड़ी बाधाओं ने अगले 24 घंटे के बाजार में औसत कीमत को बढ़ाकर दिसंबर में 5.23 रुपये प्रति यूनिट कर दिया। यह दिसंबर, 2021 की तुलना में 48 प्रतिशत अधिक है।

दिसंबर में अगले दिन के लिए उपलब्ध बिजली की मात्रा घटकर 500.1 करोड़ यूनिट पर आ गई जबकि नवंबर में यह 508.7 करोड़ यूनिट थी। वहीं दिसंबर, 2021 की तुलना में इसमें आठ प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।

वहीं वास्तविक समय में उपलब्ध बिजली का बाजार एक साल पहले की तुलना में 17 प्रतिशत बढ़कर 176.3 करोड़ यूनिट हो गया।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में