नयी दिल्ली, एक जून (भाषा) पैकेजिंग समाधान कंपनी यूफ्लेक्स लिमिटेड का वित्त वर्ष 2025-26 की मार्च तिमाही का एकीकृत शुद्ध मुनाफा 14.87 प्रतिशत बढ़कर 196.96 करोड़ रुपये रहा है। कंपनी ने एक साल पहले जनवरी-मार्च की अवधि में 171.46 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया था।
कंपनी ने एक नियामकीय सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी कुल आय 5.69 प्रतिशत बढ़कर 4,097.31 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले वित्त वर्ष की इसी अवधि में यह 3,876.69 करोड़ रुपये थी।
कंपनी के अनुसार, राजस्व में बढ़ोतरी को ‘‘पेट चिप्स, पैकेजिंग फिल्म्स, लैमिनेट्स और होलोग्राफी व्यवसायों में क्रमिक रूप से मज़बूत मात्रा वृद्धि और उच्च प्राप्तियों’’ से समर्थन मिला।
मार्च तिमाही (वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही) में यूफ्लेक्स का कुल खर्च 3,876.79 करोड़ रुपये रहा।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के लिए यूफ्लेक्स का शुद्ध मुनाफा दोगुना होकर 328 करोड़ रुपये हो गया। कुल आय साल-दर-साल 2.06 प्रतिशत की मामूली वृद्धि के साथ 15,513 करोड़ रुपये हो गई।
परिणामों पर टिप्पणी करते हुए, कंपनी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक, अशोक चतुर्वेदी ने कहा, ‘‘वित्त वर्ष 2025-26 पैकेजिंग उद्योग के लिए एक चुनौतीपूर्ण वर्ष था, जिसमें भू-राजनीतिक तनाव और शुल्क से संबंधित अनिश्चितताएं हावी रहीं। इन विपरीत परिस्थितियों के बावजूद, यूफ्लेक्स ने चौथी तिमाही में मजबूत परिचालन और वित्तीय प्रदर्शन दिया तथा पूरे वित्त
वर्ष 2025-26 में भी स्थिर प्रदर्शन बनाए रखा।’’
भाषा राजेश अजय
अजय