मुंबई, 11 फरवरी (भाषा) शेरफेन रदरफोर्ड के नाबाद 76 रन की मदद से वेस्टइंडीज ने खराब शुरूआत से उबरते हुए इंग्लैंड के खिलाफ टी20 विश्व कप ग्रुप सी के मैच में बुधवार को छह विकेट पर 196 रन बनाये ।
रदरफोर्ड ने सात छक्कों और दो चौकों की मदद से 42 गेंद में नाबाद 76 रन बनाये । इससे पहले वेस्टइंडीज ने दस ओवर के बाद 79 रन पर चार विकेट गंवा दिये थे ।
आखिरी दस ओवर में 117 रन बने । रदरफोर्ड ने पांचवें विकेट के लिये रोवमैन पॉवेल (14) के साथ 51 रन की साझेदारी की । इसके बाद पूर्व कप्तान जैसन होल्डर ( 17 गेंद में चार छक्कों, एक चौके की मदद से 33 रन ) के साथ छठे विकेट के लिये 32 रन जोड़े ।
टेस्ट कप्तान रोस्टन चेस ने चौथे नंबर पर उतरकर 34 रन बनाये । होल्डर ने आखिरी ओवरों में सैम कुरेन को एक ही ओवर में तीन छक्के लगाये ।
रदरफोर्ड को 18वें ओवर में आदिल रशीद ने जीवनदान दिया था । होल्डर ने आतिशी पारी खेलकर रदरफोर्ड पर से दबाव कम किया ।
पिछले मैच में नेपाल के बल्लेबाजों से नसीहत पाने वाले रशीद ने मजबूती से वापिस की और 16 रन देकर दो विकेट चटकाये ।
वेस्टइंडीज की शुरूआत खराब रही और दो विकेट आठ रन पर ही गिर गए । कप्तान शाइ होप ने जोफ्रा आर्चर की गेंद पर कवर प्वाइंट पर टॉम बेंटोन को कैच थमाया जबकि कुरेन ने ब्रेंडन किंग को स्वीपर कवर में लपकवाया ।
चेस ने पांचवें ओवर में विल जैक्स को लगातार तीन चौके लगाये जबकि शिमरोन हेटमायेर ने एक छक्का जड़ा ।
जैमी ओवर्टन ने 33 रन देकर दो विकेट चटकाये । उन्होंने हेटमायेर (23) का विकेट भी चटकाया जिन्होंने शॉर्ट फाइनल लेग पर कुरेन को कैच दिया ।
भाषा मोना नमिता
नमिता