ग्रेटर नोएडा, 17 मार्च (भाषा) उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (यूपी रेरा) ने मंगलवार को 13 जिलों में 24 रियल एस्टेट परियोजनाओं को मंजूरी दी जिनमें गौतमबुद्ध नगर जिले की सबसे अधिक पांच परियोजनाएं शामिल हैं।
यूपी-रेरा की 198वीं बैठक में स्वीकृत इन परियोजनाओं में फ्लैट, विला, भूखंड और दुकानों को मिलाकर कुल 7,830 इकाइयों का विकास किया जाएगा।
यूपी रेरा के अध्यक्ष संजय भूसरेड्डी ने बताया कि आवासीय, वाणिज्यिक और मिश्रित उपयोग वाली परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। गौतमबुद्ध नगर निवेश, परियोजनाओं की संख्या और विकसित होने वाली इकाइयों के मामले में सबसे आगे है।
ग्रेटर नोएडा में 5,218.41 करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश वाली तीन वाणिज्यिक, एक आवासीय और एक मिश्रित भू-उपयोग परियोजना को मंजूरी दी गई है। इनमें फ्लैट, विला और दुकान मिलाकर 2,969 इकाइयां विकसित की जाएंगी।
वहीं, राजधानी लखनऊ में चार परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है जिनमें कुल 132.65 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और 651 इकाइयां विकसित की जाएंगी।
भूसरेड्डी ने बताया कि आगरा में तीन आवासीय परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। गाजियाबाद में दो वाणिज्यिक और एक आवासीय परियोजना को मंजूरी मिली है, जिनमें 83.85 करोड़ रुपये का निवेश आएगा और 468 इकाइयां विकसित होंगी।
इनके अलावा मथुरा, मेरठ, गोरखपुर, वाराणसी, बांदा, सहारनपुर, हापुड़ और बाराबंकी में भी एक-एक आवासीय परियोजना को मंजूरी दी गई जिनमें 6,800 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश होगा।
भाषा सं अमित प्रेम
प्रेम