एयर इंडिया के बोइंग 777-300 ईआर विमान ने छह साल बाद फिर भरी उड़ान

Ads

एयर इंडिया के बोइंग 777-300 ईआर विमान ने छह साल बाद फिर भरी उड़ान

  •  
  • Publish Date - March 17, 2026 / 08:09 PM IST,
    Updated On - March 17, 2026 / 08:09 PM IST

नयी दिल्ली, 17 मार्च (भाषा) एयर इंडिया के पुराने बोइंग 777-300ईआर विमान ने छह साल से अधिक समय तक सेवा से बाहर रहने के बाद फिर से उड़ान भरना शुरू कर दिया है।

एयरलाइन ने मंगलवार को बताया कि विमान वीटी-एएलएल को फिर से उड़ान के लायक बनाने के लिए 3,000 से अधिक नए प्रमुख पुर्जे लगाए गए और 4,000 से ज्यादा मरम्मत कार्य पूरे किए गए। ये सभी काम एयर इंडिया इंजीनियरिंग सर्विसेज लिमिटेड (एआईईएसएल) के नागपुर स्थित मरम्मत एवं रखरखाव (एमआरओ) केंद्र में हुए।

टाटा समूह के नियंत्रण वाली एयरलाइन ने कहा कि यह विमान फरवरी, 2020 में कई तकनीकी खामियों और पुराने हो चुके पुर्जों के कारण सेवा से हटा दिया गया था। लेकिन अप्रैल, 2025 में इसे फिर से चालू करने का निर्णय लिया गया।

इसके बाद मई, 2025 में इसे व्यापक मरम्मत और पुनर्स्थापन कार्यक्रम के तहत नागपुर एमआरओ केंद्र में भेजा गया था।

एयर इंडिया ने बताया कि टाटा समूह द्वारा अधिग्रहण के समय विरासत में मिले 113 विमानों के बेड़े में 30 ऐसे विमान शामिल थे, जो लंबे समय से सेवा से बाहर थे। वीटी-एएलएल उनमें से आखिरी विमान था, जिसे अब फिर से सेवा में शामिल कर लिया गया है।

घाटे में चल रही एयर इंडिया का जनवरी, 2022 में टाटा समूह ने सरकार से अधिग्रहण किया था। वर्तमान में एयरलाइन के पास करीब 190 विमानों का बेड़ा है, जिसमें पतले और चौड़े आकार वाले दोनों तरह के विमान शामिल हैं।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय