अमेरिकी राजदूत ने व्यापार एवं औद्योगिक संबंध बढ़ाने के लिए हैदराबाद में उच्चस्तरीय बैठक की
अमेरिकी राजदूत ने व्यापार एवं औद्योगिक संबंध बढ़ाने के लिए हैदराबाद में उच्चस्तरीय बैठक की
हैदराबाद, 25 अगस्त (भाषा) भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर और अमेरिकी महावाणिज्य दूत लॉरा विलियम्स ने द्विपक्षीय व्यापार को गति देने, उच्च प्रौद्योगिकी की आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित बनाने और भारत-अमेरिका कारोबारी संबंधों का विस्तार करने के लिए यहां भारतीय उद्योग जगत के प्रमुख नेताओं के साथ गोलमेज बैठक की।
अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास (हैदराबाद) ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ के अवसर पर सोमवार को आयोजित रात्रिभोज में रक्षा विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, दवा और प्रौद्योगिकी क्षेत्रों के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। बैठक का उद्देश्य रणनीतिक द्विपक्षीय नीतियों को दक्षिण भारत में वास्तविक कारोबारी निवेश में बदलना था।
राजदूत गोर ने कहा कि अमेरिका और भारत लंबे समय से रणनीतिक सहयोगी रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘इस तरह की बैठकें दिखाती हैं कि भारत-अमेरिका साझेदारी केवल रणनीतिक तालमेल से आगे बढ़ चुकी है। यह रक्षा, प्रौद्योगिकी, जीवन विज्ञान और अंतरिक्ष सहित कई क्षेत्रों में सहयोग का ठोस ढांचा है। यह ढांचा दोनों देशों के बीच लंबे समय से चली आ रही कारोबारी साझेदारियों की नींव पर बना है। आप में से कई लोगों ने इन साझेदारियों को आगे बढ़ाने में मदद की है।’’
राजदूत गोर ने तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और ओडिशा के कारोबारियों से निवेश, आपूर्ति श्रृंखला साझेदारी और बाजार तक पहुंच के लिए ‘ट्रस्ट’ पहल, पैक्स सिलिका, अमेरिका-भारत कॉम्पैक्ट और अमेरिका-भारत रणनीतिक खनिज पुनर्प्राप्ति पहल जैसे नीतिगत ढांचों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
भाषा निहारिका
निहारिका

Facebook


