यूएसआईबीसी की भारत-अमेरिका व्यापार समझौता साल के अंत तक पूरा करने की अपील

Ads

यूएसआईबीसी की भारत-अमेरिका व्यापार समझौता साल के अंत तक पूरा करने की अपील

  •  
  • Publish Date - September 25, 2026 / 09:55 PM IST,
    Updated On - September 25, 2026 / 09:55 PM IST

वाशिंगटन, 25 सितंबर (भाषा) प्रमुख अमेरिकी उद्योग संगठन ने भारत और अमेरिका से इस साल के अंत तक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने और दोनों देशों के आर्थिक एवं रणनीतिक संबंधों में अधिक स्पष्टता लाने की अपील की है। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल की अमेरिका यात्रा से पहले उद्योग संगठन ने यह बात कही।

भारत- अमेरिका व्यावसायिक परिषद (यूएसआईबीसी) के अध्यक्ष अतुल केशप ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि पिछले दो दशकों में भारत और अमेरिका ने महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं और साल के अंत तक पारस्परिक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देना दोनों देशों की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक होगा।

उन्होंने दोनों सरकारों से ऐसा समझौता करने का आह्वान किया, जिससे व्यापार बाधाएं कम हों और शुल्कों में कमी आए।

केशप के अनुसार, ऐसा समझौता इस साल हुई प्रगति को आगे बढ़ाएगा और दोनों देशों के महत्वपूर्ण आर्थिक एवं रणनीतिक संबंधों में अधिक स्पष्टता लाएगा

भारत और अमेरिका ने फरवरी 2026 में द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका की शुल्क व्यवस्था में बदलाव के बाद समझौते को लेकर आगे बातचीत जारी है।

उन्होंने कहा कि यूएसआईबीसी के सदस्य दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाने के पक्षधर हैं और दोनों सरकारों के साथ काम करने की उम्मीद करते हैं।

गोयल अमेरिका के विस्कॉन्सिन स्थित मिलवॉकी में 30 सितंबर से एक अक्टूबर तक होने वाली जी20 व्यापार मंत्रिस्तरीय बैठक में शामिल होने के लिए यहां आएंगे।

भाषा योगेश रमण

रमण