असम बाढ़ राहत के लिए वेदांता चेयरमैन ने सात करोड़ रुपये दिए, मुख्यमंत्री ने सराहा
असम बाढ़ राहत के लिए वेदांता चेयरमैन ने सात करोड़ रुपये दिए, मुख्यमंत्री ने सराहा
गुवाहाटी, पांच अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने राज्य में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित लोगों के राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए वेदांता समूह और उसके चेयरमैन अनिल अग्रवाल की तरफ से दिए गए सात करोड़ रुपये के योगदान की बुधवार को सराहना की।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”अनिल अग्रवाल लंबे समय से असम की विकास यात्रा के प्रबल समर्थक रहे हैं और वेदांता समूह ने हमारे राज्य में महत्वपूर्ण निवेश किए हैं। असम इस वक्त भीषण बाढ़ का सामना कर रहा है। ऐसे समय में वेदांता ने राहत एवं पुनर्वास कार्यों के लिए सात करोड़ रुपये का योगदान देकर सहयोग किया है। हम अनिल अग्रवाल और वेदांता समूह के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।”
एक बयान के मुताबिक, यह सहायता राशि तत्काल राहत कार्यों जैसे भोजन, आश्रय, स्वच्छ पेयजल और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही दीर्घकालिक पुनर्वास प्रयासों में भी उपयोग की जाएगी।
वेदांता समूह की असम में तेल एवं गैस क्षेत्र में अपनी परिचालन गतिविधियों के माध्यम से लंबे समय से महत्वपूर्ण उपस्थिति रही है।
भाषा
पाण्डेय प्रेम
प्रेम

Facebook


