भारत-इजराइल व्यापार केंद्र की शुरुआत, व्यापार एवं निवेश बढ़ने की उम्मीद
भारत-इजराइल व्यापार केंद्र की शुरुआत, व्यापार एवं निवेश बढ़ने की उम्मीद
(हरिंदर मिश्रा)
यरुशलम, पांच अगस्त (भाषा) इजराइल स्थित भारतीय दूतावास ने बुधवार को दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और कारोबारी सहयोग को बढ़ावा देने के मकसद से ‘भारत-इजराइल व्यापार केंद्र’ नाम की एकल सुविधा मंच की शुरुआत की।
इजराइल में भारत के राजदूत जे. पी. सिंह ने कहा कि भारत-इजराइल व्यापार केंद्र की शुरुआत दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सिंह ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘भारत और इजराइल स्वाभाविक रूप से आर्थिक साझेदार हैं। भारत का विशाल बाजार, प्रतिभा और विनिर्माण क्षमताएं इजराइल के नवाचार और उन्नत प्रौद्योगिकी की ताकत के साथ मिलकर व्यापार, निवेश तथा नवाचार के क्षेत्र में व्यापक अवसर उपलब्ध कराते हैं।’’
इजराइली कंपनियों के लिए भारत को अवसर प्रदान करने वाला बाजार बताते हुए फेडरेशन ऑफ इजराइली चैंबर्स ऑफ़ कॉमर्स (एफआईसीसी) की कार्यवाहक अध्यक्ष इजराएला स्टियर ने भरोसा जताया कि यह पहल दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों को काफ़ी मज़बूत करेगी।
सिंह और स्टियर ने संयुक्त रूप से भारत-इजराइल व्यापार केंद्र के प्रतीक चिह्न का अनावरण किया।
यह केंद्र व्यापार सुगमता, कारोबारी भागीदारी और निवेश सुविधा से जुड़ी सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराएगा तथा दोनों देशों के आयातकों, निर्यातकों, कारोबारियों और निवेशकों को आपस में जोड़ने का काम करेगा।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय दूतावास ने प्रतिभागियों के समक्ष भारत में निवेश और व्यापार के अवसरों का प्रस्तुतीकरण किया। इसमें अभियांत्रिकी उत्पाद, औषधि, वस्त्र, कृषि, रसायन, इलेक्ट्रॉनिक्स, जल प्रौद्योगिकी, नवीकरणीय ऊर्जा, स्वास्थ्य सेवा, कृत्रिम मेधा, क्वांटम प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा, बुनियादी ढांचा, रक्षा और अंतरिक्ष क्षेत्र सहित अनेक क्षेत्रों में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी गई।
भारत और इजराइल के बीच व्यापार वित्त वर्ष 2025-26 में बढ़कर लगभग चार अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो इसके एक साल पहले 3.62 अरब डॉलर था।
भाषा यासिर प्रेम
प्रेम

Facebook


