वेदांता समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी, बाजार पूंजीकरण 3.38 लाख करोड़ रुपये पर
वेदांता समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी, बाजार पूंजीकरण 3.38 लाख करोड़ रुपये पर
नयी दिल्ली, 26 अगस्त (भाषा) स्थानीय शेयर बाजार में बुधवार को गिरावट के बीच वेदांता समूह की कंपनियों के शेयरों में अच्छी तेजी आई। वेदांता ऑयल एंड गैस, वेदांता आयरन एंड स्टील और वेदांता एल्युमिनियम मेटल के शेयरों में 5.57 प्रतिशत तक की बढ़त दर्ज की गयी।
बीएसई में वेदांता ऑयल एंड गैस का शेयर 5.57 प्रतिशत, वेदांता आयरन एंड स्टील 4.98 प्रतिशत, वेदांता लिमिटेड 4.31 प्रतिशत, वेदांता एल्युमिनियम मेटल 3.32 प्रतिशत और वेदांता पावर का शेयर 1.57 प्रतिशत चढ़े।
वेदांता के बयान के अनुसार, समूह की कंपनियों के शेयरों में तेजी से संयुक्त रूप से बाजार पूंजीकरण बढ़कर 3,38,350 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
कंपनी के प्रवक्ता ने कहा कि वेदांता समूह की विभिन्न कंपनियों के शेयरों आई तेज और व्यापक बढ़त से धातु, खनिज, तेल एवं गैस तथा बिजली कारोबार में निवेशकों की रुचि का पता चलता है।
वेदांता समूह से अलग होकर बनी कंपनियों…वेदांता एल्युमिनियम मेटल, वेदांता पावर, वेदांता ऑयल एंड गैस और वेदांता आयरन एंड स्टील…ने इस साल 15 जून को शेयर बाजार में कारोबार शुरू किया था।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 183.15 अंक यानी 0.24 प्रतिशत टूटकर 77,472.94 अंक पर बंद हुआ। वहीं एनएसई निफ्टी 126.80 अंक यानी 0.52 प्रतिशत टूटकर 24,207.75 अंक पर रहा।
इस बीच, वेदांता रिसोर्सेज ने बुधवार को वेदांता लि., वेदांता एल्युमिनियम या वेदांता समूह की किसी अन्य कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने से जुड़ी हाल की मीडिया अटकलों को खारिज कर दिया।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘वेदांता रिसोर्सेज लि. समूह की किसी भी कंपनी में अपनी हिस्सेदारी बेचने से जुड़ी हाल की मीडिया अटकलों को खारिज करता है।’’
उन्होंने स्पष्ट किया है कि फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है।
प्रवक्ता ने कहा कि कंपनी का ध्यान वृद्धि और अपनी कंपनियों के पूर्ण मूल्य को सामने लाने पर है। इसके तहत समूह को पांच अलग-अलग विश्वस्तरीय कंपनियों में विभाजित करने, विकास के लिए महत्वाकांक्षी पूंजीगत व्यय योजना, कर्ज घटाने के मजबूत रिकॉर्ड और शेयरधारकों को लगातार लाभ देने पर जोर दिया जा रहा है।
भाषा रमण अजय
अजय

Facebook


