नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) खनन क्षेत्र की प्रमुख कंपनी वेदांता का शेयर सोमवार को 8.5 प्रतिशत चढ़ा। कंपनी के अपने विभिन्न कारोबारों को अलग करने के बाद शेयर में तेजी आई।
बीएसई में कंपनी का शेयर 8.54 प्रतिशत उछलकर 294.80 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 8.98 प्रतिशत बढ़कर 296 रुपये तक पहुंच गया था।
एनएसई में भी शेयर 8.50 प्रतिशत बढ़कर 294.65 रुपये पर बंद हुआ।
कंपनी के निदेशक मंडल ने पहले एक मई से प्रभावी विभाजन को मंजूरी दी थी, जिससे पांच स्वतंत्र और क्षेत्र-विशिष्ट इकाइयों के गठन का रास्ता साफ हुआ। इस पुनर्गठन का उद्देश्य प्रत्येक इकाई को अपनी अलग वृद्धि रणनीति अपनाने और व्यापक निवेशक आधार को आकर्षित करने में सक्षम बनाना है।
वेदांता ने पहले कहा था कि इस विभाजन से उसकी उद्योगिक संरचना सरल होगी और क्षेत्र-विशेष पर केंद्रित स्वतंत्र इकाइयां बनेंगी। इससे वैश्विक निवेशकों, संप्रभु संपत्ति कोषों, खुदरा निवेशकों और रणनीतिक निवेशकों को भारत की वृद्धि यात्रा से जुड़ी विशिष्ट कंपनियों में सीधे निवेश के अवसर प्राप्त होंगे।
विभाजन के तहत वेदांता चार इकाइयों वेदांता एल्युमिनियम मेटल लिमिटेड, तलवंडी साबो पावर लिमिटेड, माल्को एनर्जी लिमिटेड और वेदांता आयरन एंड स्टील लिमिटेड को अलग से सूचीबद्ध करने की योजना बना रही है।
भाषा
योगेश रमण
रमण