उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान

Ads

उत्तर प्रदेश में अगले 24 घंटे में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 05:16 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 05:16 PM IST

लखनऊ, छह अगस्त (भाषा) भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को उत्तर प्रदेश के लिए अलर्ट जारी करते हुए अगले 24 घंटे में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

विभाग के मुताबिक, सक्रिय मॉनसून की स्थितियां इस पूरे राज्य में अगले चार-पांच दिनों तक बने रहने की संभावना है।

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, गंगा के मैदानी इलाकों में मॉनसून की हवाएं तेज होने से बड़े पैमाने पर बारिश होने की संभावना है। सात और आठ अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि नौ और 10 अगस्त को पूर्वी और पश्चिमी दोनों ही क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, रायबरेली, कानपुर नगर, कानपुर देहात, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, औरैया, जालौन और हमीरपुर में अगले 24 घंटे के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

इसके अलावा, वाराणसी, चंदौली, जौनपुर, उन्नाव, अमेठी, सुलतानपुर, मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर, आगरा और झांसी जैसे जिलों में भी भारी बारिश होने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

मौसम कार्यालय ने कहा कि पिछले 24 घंटे के दौरान इटावा तहसील में सर्वाधिक 126 मिमी बारिश और चक्रनगर में 120 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं मिर्जापुर में 89.2 मिमी, वाराणसी में 85.6 मिमी और लखनऊ में 78.4 मिमी बारिश हुई।

भाषा राजेंद्र

संतोष

संतोष