असम में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 के गुवाहाटी-तेजपुर गलियारे के लिए 8,970 करोड़ रुपये स्वीकृत

Ads

असम में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 के गुवाहाटी-तेजपुर गलियारे के लिए 8,970 करोड़ रुपये स्वीकृत

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 04:53 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 04:53 PM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को असम में राष्ट्रीय राजमार्ग-15 पर 135.871 किलोमीटर लंबे गुवाहाटी-तेजपुर गलियारे का 8,970.20 करोड़ रुपये की लागत से विकास करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी।

आधिकारिक बयान के अनुसार, चार लेन वाली इस राजमार्ग परियोजना को निर्माण-संचालन-हस्तांतरण (बीओटी) टोल मॉडल पर विकसित किया जाएगा।

परियोजना के तहत तेजपुर बाइपास में 4.9 किलोमीटर लंबी आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ईएलएफ) का निर्माण किया जाएगा, जिसे भारतीय वायुसेना के साथ समन्वय कर अंतिम रूप दिया गया है। इससे ब्रह्मपुत्र नदी के दक्षिण में स्थित मौजूदा राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर यातायात का दबाव कम होगा।

इस परियोजना में बाइहाटा चारियाली, सिपाझार, खरुपेटिया, देकियाजुली और तेजपुर जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में वाहनों का जाम कम करने के लिए पांच प्रमुख बाइपास का निर्माण किया जाएगा।

इसके अलावा, परियोजना में 15 बड़े पुल, 30 छोटे पुल, 19 फ्लाईओवर, तेजपुर बाइपास में एक हाथी अंडरपास और 46 अंडरपास के निर्माण का प्रावधान है।

सरकार ने कहा कि इस गलियारे के विकास से यात्रा की औसत रफ्तार 100 प्रतिशत तक बढ़ जाएगी और समय भी आधा रह जाएगा। इससे सड़क सुरक्षा में सुधार, ईंधन दक्षता में वृद्धि और वाहन परिचालन लागत में कमी आएगी।

यह परियोजना असम और अरुणाचल प्रदेश के प्रमुख आर्थिक, सामाजिक एवं लॉजिस्टिक केंद्रों को बेहतर संपर्क प्रदान करेगी।

इसके अलावा, यह आठ पीएम गतिशक्ति आर्थिक केंद्र (औद्योगिक पार्क), दो सामाजिक केंद्र (दर्रांग और उदालगुड़ी जैसे आकांक्षी जिले), तीन पर्यटन स्थल (मां कामाख्या मंदिर, काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और ओरांग राष्ट्रीय उद्यान) और सात लॉजिस्टिक केंद्रों (तीन प्रमुख रेलवे स्टेशन, दो हवाई अड्डे और दो जलमार्ग टर्मिनल) को जोड़ते हुए क्षेत्र में सामान और यात्रियों की आवाजाही को तेज करेगी।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय