अप्रैल में वाहन बिक्री 27 प्रतिशत बढ़कर 4.5 लाख इकाई पर; मारुति, हुंदै का रिकॉर्ड प्रदर्शन

अप्रैल में वाहन बिक्री 27 प्रतिशत बढ़कर 4.5 लाख इकाई पर; मारुति, हुंदै का रिकॉर्ड प्रदर्शन

अप्रैल में वाहन बिक्री 27 प्रतिशत बढ़कर 4.5 लाख इकाई पर; मारुति, हुंदै का रिकॉर्ड प्रदर्शन
Modified Date: May 1, 2026 / 06:59 pm IST
Published Date: May 1, 2026 6:59 pm IST

नयी दिल्ली, एक मई (भाषा) वाहन विनिर्माताओं ने नए वित्त वर्ष की शुरुआत मजबूत तरीके से करते हुए अप्रैल महीने में घरेलू बाजार में करीब 4.5 लाख इकाइयों की बिक्री की जो सालाना आधार पर 27 प्रतिशत अधिक है। इस वृद्धि में मारुति सुजुकी, हुंदै और किआ जैसी कंपनियों के रिकॉर्ड प्रदर्शन का अहम योगदान रहा।

वाहन उद्योग को जीएसटी दरों में संशोधन, रेपो दर में कटौती और आयकर राहत जैसे नीतिगत समर्थन का लाभ मिलना जारी है।

एक साल पहले अप्रैल 2025 में घरेलू यात्री वाहनों की 3.54 लाख इकाइयों की बिक्री हुई थी।

देश की अग्रणी वाहन विनिर्माता मारुति सुजुकी इंडिया ने अप्रैल में 1,91,122 इकाइयों की अब तक की सर्वाधिक घरेलू बिक्री दर्ज की, जो एक साल पहले 1,42,053 इकाई थी।

कंपनी के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी पार्थ बनर्जी ने कहा कि ऑल्टो, एस-प्रेसो, सेलेरियो और वैगनआर जैसी छोटी कारों की मांग में 74.4 प्रतिशत की वृद्धि ने बिक्री को गति दी है।

उन्होंने कहा कि इससे छोटी कारों की मांग को लेकर बनी शंकाएं दूर हुई हैं, हालांकि पेट्रोल कीमतों में संभावित वृद्धि मांग को प्रभावित कर सकती है।

मारुति सुजुकी के पास 1.65 लाख लंबित बुकिंग हैं और मांग को पूरा करने के लिए उत्पादन बढ़ाया जा रहा है।

टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स ने अप्रैल में 30.5 प्रतिशत वृद्धि के साथ 59,000 इकाइयों की बिक्री दर्ज की, जबकि एक साल पहले कंपनी ने 45,199 वाहन बेचे थे।

महिंद्रा एंड महिंद्रा की घरेलू बिक्री पिछले महीने आठ प्रतिशत बढ़कर 56,331 इकाई हो गई जबकि साल भर पहले 52,330 वाहन बिके थे। कंपनी ने नए वित्त वर्ष की इस शुरुआत को सकारात्मक बताया।

हुंदै मोटर इंडिया ने 17 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 51,902 इकाइयों की बिक्री कर अप्रैल माह का अपना अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

वहीं, किआ इंडिया ने 16 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 27,286 इकाइयों की बिक्री दर्ज की, जो अप्रैल के लिए उसका उच्चतम स्तर है। कंपनी ने अप्रैल 2025 में 23,623 इकाइयों की बिक्री की थी।

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर की अप्रैल में घरेलू बिक्री 21 प्रतिशत बढ़कर 30,159 इकाई हो गई जबकि एक साल पहले की समान अवधि में उसने 24,833 वाहन बेचे थे।

जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया ने बीते महीने 6,018 इकाइयों की बिक्री के साथ तीन प्रतिशत वृद्धि दर्ज की।

वहीं, फ्रांसीसी कंपनी रेनो ने घरेलू बिक्री में दो गुना से अधिक वृद्धि करते हुए 5,413 इकाइयां बेचीं जबकि साल भर पहले यह आंकड़ा 2,602 इकाई था।

निसान मोटर इंडिया ने अप्रैल महीने में घरेलू बाजार में 3,203 इकाइयों की बिक्री की।

उद्योग विशेषज्ञों के अनुसार, जीएसटी 2.0 के तहत कर दरों में कमी, रेपो दर में कटौती और आयकर में राहत ने उपभोक्ता मांग को बढ़ावा दिया है, जिसका असर अप्रैल के आंकड़ों में दिखा है।

दोपहिया वाहन खंड में भी अप्रैल के दौरान तेज वृद्धि दर्ज की गई। हीरो मोटोकॉर्प की घरेलू बिक्री 84.5 प्रतिशत बढ़कर 5,32,433 इकाई हो गई, जबकि अप्रैल 2025 में यह 2,88,524 इकाई थी।

होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया की घरेलू बिक्री एक साल पहले के 4.22 लाख इकाई से 14.7 प्रतिशत बढ़कर 4.84 लाख इकाई हो गई।

प्रीमियम दोपहिया विनिर्माता रॉयल एनफील्ड की बिक्री इस दौरान 37 प्रतिशत बढ़कर 1,04,129 इकाई हो गई जबकि अप्रैल 2025 में उसने 76,002 इकाई बेची थी।

वहीं, सुजुकी मोटरसाइकिल इंडिया ने अप्रैल में 98,004 दोपहिया वाहनों की बिक्री की जो एक साल पहले के 95,214 इकाई के मुकाबले तीन प्रतिशत अधिक है।

भाषा प्रेम प्रेम रमण

रमण


लेखक के बारे में