अप्रैल में उद्यम निवेश आधा होकर 2.7 अरब डॉलर पर आयाः रिपोर्ट

अप्रैल में उद्यम निवेश आधा होकर 2.7 अरब डॉलर पर आयाः रिपोर्ट

अप्रैल में उद्यम निवेश आधा होकर 2.7 अरब डॉलर पर आयाः रिपोर्ट
Modified Date: May 25, 2026 / 10:13 pm IST
Published Date: May 25, 2026 10:13 pm IST

मुंबई, 25 मई (भाषा) भू-राजनीतिक तनाव के बीच रुपये में कमजोरी का असर निवेशकों की धारणा पर पड़ने से अप्रैल महीने में उद्यम पूंजी (वीसी) और निजी निवेश (पीई) निवेश घटकर 2.7 अरब डॉलर रह गया। सोमवार को एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

इंडियन वेंचर एंड अल्टरनेट कैपिटल एसोसिएशन और सलाहकार फर्म ईवाई की सोमवार को जारी एक संयुक्त रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल में 83 सौदों के जरिये 2.7 अरब डॉलर का निवेश हुआ। यह राशि एक साल पहले की समान अवधि और मार्च, 2026 के मुकाबले करीब 50 प्रतिशत कम है।

रिपोर्ट के अनुसार, अप्रैल, 2026 में हुए 83 सौदे 29 महीनों का निचला स्तर है। एक साल पहले इसी अवधि में 134 और मार्च, 2026 में 131 सौदे हुए थे।

ईवाई के साझेदार विवेक सोनी ने कहा कि रुपये का मूल्य लगभग 96 प्रति डॉलर तक गिरना और कच्चे तेल एवं गैस की ऊंची कीमतें विदेशी निवेशकों की धारणा को प्रभावित कर रही हैं।

रिपोर्ट में कहा गया कि निवेशकों के मूल्यांकन और विक्रेताओं की अपेक्षाओं के बीच अंतर बना हुआ है, जिसके कारण निवेशक सतर्क रुख अपना रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इन चुनौतियों के बीच निकट अवधि में पीई/वीसी निवेश का परिदृश्य सतर्क बना रह सकता है। हालांकि, मजबूत व्यापक आर्थिक आधार के कारण मध्यम और दीर्घावधि में भारत का दृष्टिकोण सकारात्मक बना हुआ है।’’

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में