सूरत में एक मई से होगा ‘वाइब्रेंट गुजरात’ क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन
सूरत में एक मई से होगा ‘वाइब्रेंट गुजरात’ क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन
गांधीनगर, 29 अप्रैल (भाषा) गुजरात सरकार एक और दो मई को सूरत स्थित औरो विश्वविद्यालय में दक्षिण गुजरात के लिए ‘वाइब्रेंट गुजरात’ क्षेत्रीय सम्मेलन का आयोजन करेगी। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, यह सम्मेलन स्टार्टअप सत्रों और पैनल चर्चा के साथ आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य राज्य की सतत, नवाचार-आधारित और समावेशी आर्थिक वृद्धि के प्रति प्रतिबद्धता को मजबूत करना है।
कार्यक्रम की शुरुआत ‘ड्राइविंग रियल-वर्ल्ड इम्पैक्ट विद ड्रोन स्टार्टअप्स’ विषय पर एक वार्ता से होगी, जिसे इनसाइड एफपीवी के सह-संस्थापक दिव्यांत भारद्वाज संबोधित करेंगे।
इनसाइड एफपीवी भारतीय रक्षा तंत्र के लिए ड्रोन उपलब्ध कराती है।
इस सत्र में कृषि, बुनियादी ढांचा और शासन में ड्रोन तकनीक की परिवर्तनकारी भूमिका पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद सुजुकी के कार्यकारी निदेशक मयूर शाह ‘इंडस्ट्री एज ए कैटालिस्ट फॉर स्टार्टअप ग्रोथ’ विषय पर संबोधित करेंगे, जिसमें उद्योग और स्टार्टअप सहयोग तथा नवाचार-आधारित विनिर्माण पर चर्चा होगी।
विज्ञप्ति के मुताबिक, ‘लीडिंग इंडियाज सस्टेनेबल इंडस्ट्रियल रिवोल्यूशन’ विषय पर आयोजित एक परिचर्चा में ‘चार्जजोन’ के संस्थापक कार्तिकेय हरियानी और ‘हेवन ग्रीन एनर्जी लिमिटेड’ के संस्थापक नीरव धनाई शामिल होंगे।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


