दिल्ली में सोना 100 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ, चांदी स्थिर
दिल्ली में सोना 100 रुपये प्रति 10 ग्राम महंगा हुआ, चांदी स्थिर
नयी दिल्ली, चार अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमत 100 रुपये बढ़कर 1,47,500 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मिले-जुले रुझान के बीच चांदी की कीमतें स्थिर रहीं।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना सोमवार को 1,47,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 2,26,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर स्थिर रही।
व्यापारियों ने कहा कि घरेलू बाजार में सोने की मामूली खरीदारी देखी गई, जबकि चांदी का कारोबार सीमित दायरे में हुआ।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा कि मंगलवार को सोने की कीमतों में थोड़ी बढ़ोतरी हुई क्योंकि निवेशक अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे राजनयिक घटनाक्रम और फेडरल रिजर्व के नीतिगत दृष्टिकोण को लेकर अनिश्चितता के बीच सतर्क रुख अपनाए हुए थे।
उन्होंने कहा कि पिछले दो सत्रों में कीमती धातुओं की कीमतें एक दायरे में रहीं, क्योंकि व्यापारी भू-राजनीतिक जोखिमों और अमेरिकी ब्याज दरों की भविष्य की दिशा के बारे में अधिक स्पष्टता का इंतजार कर रहे थे।
वैश्विक बाजारों में, हाजिर सोना 4,049.20 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।
मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि शुरुआती कारोबार में हाजिर सोने में तेजी आई, लेकिन बाद में कच्चे तेल की कीमतों में सुधार के कारण यह बढ़त खत्म हो गई और यह 4,050 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार करने लगा।
न्यूयॉर्क में ब्रेंट क्रूड वायदा लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 84.36 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में हाजिर चांदी लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 58.66 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
कोटक सिक्योरिटीज की जिंस शोध की एवीपी, कायनात चैनवाला ने कहा कि उम्मीद से बेहतर अमेरिकी विनिर्माण आंकड़े ने औद्योगिक मांग को लेकर आशावाद को मजबूत किया, जिससे हाजिर चांदी एक प्रतिशत बढ़कर 58 डॉलर प्रति औंस हो गई।
उन्होंने कहा कि निवेशक फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति के नजरिये पर और स्पष्टता के लिए कई अमेरिकी वृहद आर्थिक अंकड़ों का इंतज़ार कर रहे हैं।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय

Facebook


