विप्रो उद्यमों के लिए गूगल क्लाउड की नई तकनीक लागू करने को 10,000 एआई विशेषज्ञ तैयार करेगी
विप्रो उद्यमों के लिए गूगल क्लाउड की नई तकनीक लागू करने को 10,000 एआई विशेषज्ञ तैयार करेगी
नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) कंपनी विप्रो उद्यमों के लिए गूगल जेमिनी आधारित नए समाधान विकसित करने के लिए 10,000 कृत्रिम मेधा (एआई) प्रमाणित विशेषज्ञों की टीम तैयार करेगी। कंपनी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कंपनी ने कहा कि इन 10,000 एआई विशेषज्ञों में 1,500 ‘फॉरवर्ड डिप्लॉयड इंजीनियर (एफडीई)’ भी शामिल होंगे, जो ग्राहकों के परिसर में जाकर प्रौद्योगिकी सहायता उपलब्ध कराएंगे।
विप्रो ने बयान में कहा कि उसने उद्यमों में जेमिनी एंटरप्राइज और एजेंटिक एआई को तेजी से अपनाने के लिए ‘गूगल क्लाउड’ के साथ अपनी साझेदारी का विस्तार किया है। इसके तहत कंपनी जेमिनी एंटरप्राइज का अपने स्तर पर भी विस्तार करेगी और 10,000 से अधिक एआई प्रमाणित विशेषज्ञों को उन्नत एआई क्षमताओं से लैस करेगी।
कंपनी के प्रबंध भागीदार और प्रौद्योगिकी सेवाओं के वैश्विक प्रमुख कंवर सिंह ने कहा कि एआई विप्रो के भविष्य की दिशा तय करने का आधार है। यह नवाचार को बढ़ावा देने, कामकाज में बदलाव लाने और ग्राहकों को बेहतर सेवाएं देने में मदद कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जेमिनी एंटरप्राइज के साथ विप्रो इंटेलिजेंस को मजबूत करके रोजमर्रा के मुख्य कामकाज में एआई क्षमता को शामिल किया जा रहा है, जिससे ग्राहकों को तेजी से विस्तार करने और बदलते कारोबारी माहौल में अधिक प्रभावी ढंग से प्रतिस्पर्धा करने में मदद मिलेगी।
विप्रो ने गूगल जेमिनी आधारित नए समाधान को कंपनियों में लागू करने के लिए एक नया ढांचा या प्रोटोकॉल शुरू करने की भी घोषणा की।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


