राजस्थान को साल भर चलने वाले पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने का काम जारी: उपमुख्यमंत्री
राजस्थान को साल भर चलने वाले पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने का काम जारी: उपमुख्यमंत्री
जयपुर, 27 अप्रैल (भाषा) उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कहा है कि विरासत के जीर्णोद्धार और बावड़ियों के संरक्षण से लेकर शेखावटी जैसे नए सर्किट और बेहतर बुनियादी ढांचे तक विशिष्ट पहलों के माध्यम से हम राजस्थान को साल भर चलने वाले पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित कर रहे हैं।
उन्होंने यहां पर्यटन क्षेत्र पर तीन दिवसीय ‘द ग्रेट इंडियन ट्रैवल बाजार’ (जीआइटीबी) के 15वें संस्करण के रविवार देर शाम उद्घाटन सत्र के दौरान कहा कि जीआईटीबी पर्यटन के क्षेत्र में राजस्थान के नेतृत्व को प्रदर्शित करने के साथ वैश्विक साझेदारियों को भी बढ़ावा देता है।
उपमुख्यमंत्री ने पर्यटन को विकास का एक प्रमुख इंजन बताते हुए कहा, ‘‘यह रोजगार, निवेश और समावेशी विकास को गति देता है।… विरासत के जीर्णोद्धार और बावड़ियों के संरक्षण से लेकर शेखावटी जैसे नए सर्किट और बेहतर बुनियादी ढांचे तक विशिष्ट पहलों के माध्यम से हम राजस्थान को साल भर चलने वाले, अनुभव-आधारित पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित कर रहे हैं।’’
उन्होंने कहा, “हम राजस्थान को विश्वस्तरीय पर्यटन स्थल बनाने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हैं, जो निवेश, रोजगार और नवाचार को बढ़ावा दे और वैश्विक साझेदारों को इस यात्रा का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करते हैं।”
राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने कहा कि पर्यटन ‘विकसित राजस्थान’ के विजन का केंद्र है। पर्यटन नीति 2025 निवेश, व्यापार करने में आसानी और होमस्टे, फिल्म पर्यटन जैसे उभरते क्षेत्रों में विस्तार को बढ़ावा देगी जिससे भारत का व्यापक पर्यटन परिवेश और मजबूत होगा।
इस कार्यक्रम का आयोजन केंद्र सरकार के पर्यटन मंत्रालय ने राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग और उद्योग मंडल फिक्की के सहयोग से किया है।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में दुनिया भर के खरीदार, नीति-निर्माता और उद्योग जगत के दिग्गज एक मंच पर आएंगे।
भाषा पृथ्वी
रंजन रमण
रमण

Facebook


