यस बैंक का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 32.5 प्रतिशत बढ़कर 1,072 करोड़ रुपये
यस बैंक का पहली तिमाही में शुद्ध लाभ 32.5 प्रतिशत बढ़कर 1,072 करोड़ रुपये
मुंबई, 18 जुलाई (भाषा) निजी क्षेत्र के यस बैंक का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 32.54 प्रतिशत बढ़कर 1,071.80 करोड़ रुपये हो गया।
वित्त वर्ष 2025-26 की समान तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 808.65 करोड़ रुपये था।
समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की मुख्य शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) सालाना आधार पर 17.5 प्रतिशत बढ़कर 2,786 करोड़ रुपये हो गई, जो 2025-26 की समान तिमाही में 2,371 करोड़ रुपये थी।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में बैंक का शुद्ध ब्याज मार्जिन (एनआईएम) बढ़कर 2.70 प्रतिशत हो गया, जो 2025-26 की समान तिमाही में 2.50 प्रतिशत था। तिमाही आधार पर यह स्थिर रहा।
समीक्षाधीन तिमाही में बैंक की कुल जमा राशि सालाना आधार पर 14.3 प्रतिशत बढ़कर 3.15 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले 2.76 लाख करोड़ रुपये थी।
बैंक का चालू और बचत खाते (कासा) जमा अनुपात 32.7 प्रतिशत रहा, जो वित्त वर्ष 2025-26 की पहली तिमाही में 32.8 प्रतिशत और चौथी तिमाही में 35.1 प्रतिशत था।
विदेशी मुद्रा अनिवासी (बैंक) यानी एफसीएनआर-बी जमा के संबंध में बैंक ने कहा कि इसमें अपेक्षा से अधिक निवेश प्राप्त हुआ है। हालांकि उसने इसका आंकड़ा साझा नहीं किया।
बैंक के अनुसार, इस योजना में सबसे अधिक निवेश पश्चिम एशिया से आया है, जबकि पूर्वी देशों से भी रुचि देखने को मिली है।
परिसंपत्ति गुणवत्ता के मोर्चे पर भी बैंक के प्रदर्शन में सुधार हुआ है। जून तिमाही में बैंक का सकल गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (जीएनपीए) अनुपात घटकर 1.3 प्रतिशत रहा, जो एक साल पहले 1.6 प्रतिशत था।
इसी तरह, शुद्ध एनपीए अनुपात 0.2 प्रतिशत रहा, जो एक साल पहले 0.3 प्रतिशत था।
भाषा योगेश रमण
रमण

Facebook


