डाइस की परिसंपत्तियों का 68 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी जैगल

डाइस की परिसंपत्तियों का 68 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी जैगल

डाइस की परिसंपत्तियों का 68 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी जैगल
Modified Date: May 8, 2026 / 09:54 pm IST
Published Date: May 8, 2026 9:54 pm IST

नयी दिल्ली, आठ मई (भाषा) वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनी जैगल प्रीपेड ओशन सर्विसेज कृत्रिम मेधा ( एआई) आधारित खर्च प्रबंधन मंच ‘डाइस’ की परिसंपत्तियों को लगभग 68 करोड़ रुपये में अधिग्रहण करेगी। कंपनी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

कंपनी ने कहा कि वह इस लेनदेन को 120 दिनों के भीतर पूरा करने की उम्मीद कर रही है।

जैगल ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि कंपनी के निदेशक मंडल ने आठ मई को हुई बैठक में डाइस के साथ सौदे की संरचना में बदलाव को मंजूरी दी है।

अब कंपनी डाइस की संपूर्ण हिस्सेदारी खरीदने के बजाय उसकी परिसंपत्तियों का अधिग्रहण करेगी।

कंपनी के अनुसार, इसमें सॉफ्टवेयर, डेटाबेस/कोडबेस, अनुबंध, बौद्धिक संपदा, डोमेन नाम और खर्च प्रबंधन क्षेत्र से जुड़ी अन्य संबंधित परिसंपत्तियां शामिल होंगी। यह सौदा लगभग 67.9 करोड़ रुपये (कर अतिरिक्त) होगी।

कंपनी ने कहा कि यह नया तरीका पूंजी के अधिक प्रभावी उपयोग को सुनिश्चित करेगा और उन परिसंपत्तियों पर ध्यान केंद्रित करेगा जो तुरंत एकीकरण योग्य, विस्तार योग्य और राजस्व सृजन में सक्षम हैं, जिससे कंपनी की कृत्रिम मेधा और उद्यम स्वचालन रणनीति को गति मिलेगी।

जैगल के संस्थापक और कार्यकारी चेयरमैन राज पी नारायणन ने कहा,“हम किसी कंपनी का अधिग्रहण नहीं कर रहे हैं, बल्कि हम उसका ‘इंजन’ यानी मंच, बौद्धिक संपदा, ग्राहक संबंध और उसे बनाने वाले लोग खरीद रहे हैं। यह एक ऐसा मजबूत विश्वास वाला और पूंजी के कुशल उपयोग पर आधारित कदम है, जो हमारी एआई रणनीति को तेज करेगा और हमारे शेयरधारकों के लिए दीर्घकालिक महत्वपूर्ण मूल्य सृजित करेगा,”

भाषा योगेश रमण

रमण


लेखक के बारे में