नयी दिल्ली, 10 अगस्त (भाषा) मीडिया एवं मनोरंजन क्षेत्र की कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड का चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 48.3 प्रतिशत घटकर 74.3 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी ने पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 143.7 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
ज़ी एंटरटेनमेंट की तरफ से सोमवार को शेयर बाजार को दी गई सूचना के मुताबिक, अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी की कुल आय 4.8 प्रतिशत बढ़कर 1,938.5 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 1,849.8 करोड़ रुपये थी।
आलोच्य तिमाही में कंपनी का कुल खर्च 12.8 प्रतिशत बढ़कर 1,864.4 करोड़ रुपये हो गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 1,652.7 करोड़ रुपये था।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय