हॉकी विश्व कप से पहले पाकिस्तान के गोलकीपिंग कोच को मुख्य कोच बनाया गया

Ads

हॉकी विश्व कप से पहले पाकिस्तान के गोलकीपिंग कोच को मुख्य कोच बनाया गया

  •  
  • Publish Date - August 10, 2026 / 06:06 PM IST,
    Updated On - August 10, 2026 / 06:06 PM IST

कराची, 10 अगस्त (भाषा) पाकिस्तान की हॉकी टीम को एफआईएच विश्व कप से पहले बड़ा झटका लगा है क्योंकि मुख्य कोच हरमन क्रुइस के नीदरलैंड लौटने के बाद गोलकीपिंग कोच बॉब जोहान वेल्डहॉफ को मुख्य कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

क्रुइस अपने मौजूदा दायित्व को जारी रखने के लिए अपने देश नीदरलैंड लौट गए हैं।

विश्व कप के लिए पाकिस्तान टीम के रवाना होने से कुछ घंटे पहले पाकिस्तान हॉकी महासंघ (पीएचएफ) ने घोषणा की कि क्रुइस अब मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालने के बजाय महासंघ के सलाहकार के रूप में काम करेंगे। वहीं वेल्डहॉफ राष्ट्रीय टीम का मार्गदर्शन करेंगे।

पीएचएफ ने इस साल जून-जुलाई में यूरोप में खेली गई एफआईएच प्रो लीग के बाद कोचिंग व्यवस्था में बदलाव करते हुए क्रुइस, वेल्डहॉफ और क्रिस्टोफर बोवेन को टीम से जोड़ा था। इन तीनों को क्रमश: मुख्य कोच, गोलकीपिंग कोच और सहायक कोच की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

एक विश्वसनीय सूत्र के मुताबिक क्रुइस ने पीएचएफ को पहले ही बता दिया था कि वह पाकिस्तान टीम के साथ पूर्णकालिक कोच की भूमिका विश्व कप के बाद ही निभा पाएंगे।

सूत्र ने कहा, ‘‘वह अपने मौजूदा दायित्व को जारी रखने के लिए नीदरलैंड लौट गए थे। पीएचएफ को उम्मीद थी कि बेल्जियम और नीदरलैंड में होने वाले विश्व कप के दौरान वह टीम के साथ उपलब्ध रहेंगे।’’

क्रुइस ने हालांकि बाद में स्पष्ट किया कि वह टूर्नामेंट के दौरान पाकिस्तान टीम को पूर्णकालिक समय नहीं दे पाएंगे। इसके बाद महासंघ ने पाकिस्तान के किसी पूर्व खिलाड़ी को जिम्मेदारी सौंपने के बजाय वेल्डहॉफ को मुख्य कोच बनाने का फैसला किया।

पाकिस्तान के पूर्व ओलंपियन फरहान खान ने वेल्डहॉफ के लिए सबसे बड़ी चुनौती उनके मुख्य कोच के रूप में अनुभव की कमी को बताया है।

खान ने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं कि वेल्डहॉफ हमारे गोलकीपरों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगे, लेकिन मुख्य कोच के रूप में उनका अनुभव नहीं होना चिंता का विषय है। आधुनिक हॉकी में मुख्य कोच ही अपने सहायक कोच और वीडियो विश्लेषक की मदद से टीम के सभी अहम फैसले लेते हैं।’’

चार बार की विश्व चैंपियन पाकिस्तान को टूर्नामेंट के पूल डी में चिर प्रतिद्वंद्वी भारत, इंग्लैंड और वेल्स के साथ रखा गया है। टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ करेगी।

विश्व कप का आयोजन 15 से 30 अगस्त तक बेल्जियम और नीदरलैंड की संयुक्त मेजबानी में किया जा रहा है।

भाषा

आनन्द नमिता

नमिता