ज़ी एंटरटेनमेंट को मार्च तिमाही में 104 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा

ज़ी एंटरटेनमेंट को मार्च तिमाही में 104 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा

ज़ी एंटरटेनमेंट को मार्च तिमाही में 104 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा
Modified Date: May 19, 2026 / 09:04 pm IST
Published Date: May 19, 2026 9:04 pm IST

नयी दिल्ली, 19 मई (भाषा) ज़ी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में खर्च बढ़ने के कारण 103.7 करोड़ रुपये का एकीकृत शुद्ध घाटा दर्ज किया है।

कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 188.4 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ कमाया था।

जी एंटरटेनमेंट ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि आलोच्य तिमाही में कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 5.36 प्रतिशत घटकर 2,101.1 करोड़ रुपये रह गई।

हालांकि, इस दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 2,341.8 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले की समान तिमाही में 1,958.4 करोड़ रुपये था।

कंपनी ने अपने निवेशक प्रस्तुतीकरण में कहा कि खर्च में बढ़ोतरी मुख्य रूप से ओटीटी मंच जी5 पर अधिक कार्यक्रमों को पेश करने, ‘किड्ज’ की पेशकश और कानूनी खर्च बढ़ने के कारण हुई है। इसके अलावा विज्ञापन और प्रचार पर भी ज्यादा खर्च हुआ।

पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का शुद्ध लाभ 60 प्रतिशत घटकर 271.3 करोड़ रुपये रह गया, जबकि कुल आय लगभग स्थिर रहकर 8,245 करोड़ रुपये रही।

इस बीच, कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक रुपये अंकित मूल्य वाले प्रति शेयर पर दो रुपये के लाभांश की अनुशंसा की है।

भाषा प्रेम

प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में