अमित शाह 23 अगस्त को रायपुर आएंगे, 25 अगस्त तक हैं उनके कई कार्यक्रम

Ads

अमित शाह 23 अगस्त को रायपुर आएंगे, 25 अगस्त तक हैं उनके कई कार्यक्रम

  •  
  • Publish Date - August 21, 2024 / 05:17 PM IST,
    Updated On - August 21, 2024 / 05:17 PM IST

रायपुर, 21 अगस्‍त (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर पहुंचेंगे तथा 25 अगस्त तक अंतरराज्यीय समन्वय बैठक समेत कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह 23 से 25 अगस्त तक रायपुर प्रवास पर रहेंगे। केन्‍द्रीय मंत्री का आगमन 23 अगस्त को रात 10 बजे होगा।

उन्होंने बताया कि अपने प्रवास के दौरान शाह 24 अगस्त को सुबह साढ़े दस बजे महाप्रभु वल्लभाचार्य आश्रम का दौरा करेंगे तथा उसके बाद वह यहां साढ़े 11 बजे होटल ‘मेफेयर’ में छत्तीसगढ़ तथा पड़ोसी राज्यों के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों के साथ अंतरराज्यीय समन्वय बैठक में शामिल होंगे।

अधिकारियों ने बताया कि बैठक के बाद शाह दोपहर ढ़ाई बजे छत्तीसगढ़ के वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और विकास संबंधी बैठक में शामिल होंगे।

उन्होंने बताया कि शाह 25 अगस्त को सुबह साढ़े दस बजे यहां नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के कार्यालय का उद्घाटन करेंगे तथा समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। इसके बाद होटल ‘मेफेयर’ में वह दोपहर डेढ़ बजे छत्तीसगढ़ में सहकारिता के विस्तार से संबंधित बैठक में शामिल होंगे।

पिछले साल विधानसभा चुनाव में भाजपा के सत्ता में आने के बाद से छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान में तेजी आई है। इस वर्ष अब तक राज्य में अलग-अलग मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 142 नक्सलियों को मार गिराया है।

भाषा संजीव राजकुमार

राजकुमार