छत्तीसगढ़ के धमतरी में सीएएफ के आरक्षक ने आत्महत्या की

Ads

छत्तीसगढ़ के धमतरी में सीएएफ के आरक्षक ने आत्महत्या की

  •  
  • Publish Date - May 11, 2026 / 08:59 PM IST,
    Updated On - May 11, 2026 / 08:59 PM IST

धमतरी, 11 मई (भाषा) छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (सीएएफ) के 35 वर्षीय आरक्षक ने अपने किराये के मकान में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को कहा कि आशंका है कि आरक्षक ने अपनी पत्नी के साथ हुए किसी विवाद के बाद यह कदम उठाया।

अधिकारियों ने बताया कि आरक्षक जागेश्वर प्रसाद ठाकुर का शव सोमवार तड़के सपना पिंक सिटी कॉलोनी में उसके किराये के मकान में कमरे की छत से लटका हुआ मिला।

नगर कोतवाली थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि ठाकुर 2009 से सीएएफ की 10वीं बटालियन में सेवा दे रहा था और हाल ही में पश्चिम बंगाल में चुनाव ड्यूटी से लौटा था। उन्होंने बताया कि चुनाव ड्यूटी से लौटने के बाद ठाकुर छुट्टी पर अपने घर आया हुआ था।

मूल रूप से पड़ोसी बालोद जिले के भटगांव गांव का रहने वाला ठाकुर पिछले नौ वर्षों से धमतरी में अपने परिवार के साथ किराये के मकान में रह रहा था। ठाकुर के परिवार में उसकी पत्नी और तीन बच्चे हैं।

ठाकुर के छोटे भाई त्रिभुवन ने संवाददाताओं को बताया कि रविवार शाम को ठाकुर और उसकी पत्नी के बीच कहा-सुनी हुई थी, जिसके बाद उसकी पत्नी घर छोड़कर चली गई। उसने बताया कि बाद में उसने परिवार के सदस्यों को इस स्थिति के बारे में जानकारी दी।

त्रिभुवन के अनुसार, उसने अपने भाई को बार-बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। कुछ अनहोनी की आशंका होने पर, परिवार के सदस्य दौड़कर घर पहुंचे और पाया कि दरवाजा अंदर से बंद है।

त्रिभुवन ने बताया कि बाद में घर के पिछले हिस्से से झांकने पर परिजन ने जागेश्वर को कमरे के अंदर लटका हुआ देखा।

पुलिस ने बताया कि आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उसने कहा कि मामले की जांच जारी है।

भाषा

सं संजीव पारुल

पारुल