CG Bijli Bill Half Yojana: छत्तीसगढ़ के लोगों को बड़ी राहत, 200 यूनिट तक की बिजली पर अब देना होगा आधा पैसा, सीएम साय ने किया ऐलान
Electricity Bill Half Scheme: Now half the money on electricity up to 200 units
रायपुरः CG Bijli Bill Half Yojana बढ़े हुए बिजली बिल से परेशान छत्तीसगढ़ के लोगों को बड़ी राहत मिली है। साय सरकार ने प्रदेश में 200 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री साय ने विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान इसकी घोषणा की है। 4 महीने पहले यानी 1 अगस्त 2025 को सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना पर बड़ा बदलाव किया था। भूपेश सरकार के समय लागू 400 यूनिट की सीमा को घटाकर 100 यूनिट कर दिया था। इस बदलाव का असर सीधे-सीधे लाखों परिवारों पर पड़ा था। बिल लगभग डबल हो गया था। अब हाफ योजना का लाभ 200 यूनिट तक बिजली पर मिलेगा।
बिजली बिल हाफ योजना पर सीएम साय ने कहा कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष की ओर से मांग आई थी। वह लोगों से मिलते रहते हैं। अब 200 यूनिट तक बिजली बिल हाफ का लाभ मिलेगा। इससे 42 लाख परिवारों को फायदा होगा। पीएम सौर्य योजना में केंद्र और राज्य सब्सिडी दे रही है। ज्यादा क्षमता का पैनल लगाकर बिजली बेच भी सकेंगे।
सीएम ने खुद दिए थे संकेत
बता दें कुछ दिन पहले ही सीएम साय ने बिजली बिल हाफ योजना को लेकर संकेत दिए थे। इसके बाद कयास लगाए जा रहे थे कि जल्द ही ये योजना लागू की जाएगी। अब मुख्यमंत्री साय ने इस योजना को लेकर विधानसभा में ऐलान कर दिया है। बता दें कि 400 यूनिट की सीमा को घटाकर 100 यूनिट किए जाने पर प्रदेश की सियासत गर्म हो गई थी। कांग्रेस के नेता इसे लेकर खूब विरोध कर रहे थे। इतना ही नहीं कई जगहों पर प्रदर्शन भी किया था।
पहले जानते हैं कि हाफ बिजली बिल योजना है क्या?
1 मार्च 2019 को हाफ बिजली बिल योजना शुरू की गई थी। इसका मकसद घरेलू उपभोक्ताओं को महंगाई से राहत देना था। योजना के तहत अगर कोई उपभोक्ता 400 यूनिट या उससे कम बिजली उपयोग करता था, तो उसे कुल बिल का सिर्फ आधा भुगतान करना होता था। इतना ही नहीं, अगर किसी उपभोक्ता की खपत 400 यूनिट से अधिक भी होती थी, तब भी उसे पहले 400 यूनिट पर हाफ बिजली बिल का फायदा मिलता था, और इसके बाद की यूनिट पर तय दरों के हिसाब से भुगतान करना पड़ता था।

Facebook


