भावी उद्योगों के लिए एक नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़: साय

भावी उद्योगों के लिए एक नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़: साय

भावी उद्योगों के लिए एक नया केंद्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा छत्तीसगढ़: साय
Modified Date: September 18, 2026 / 07:48 pm IST
Published Date: September 18, 2026 7:48 pm IST

रायपुर, 18 सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को कहा कि राज्य अपने पारंपरिक उद्योगों को मजबूत बनाते हुए नयी अर्थव्यवस्था और उभरते उद्योगों की ओर तेजी से बढ़ रहा है, और भविष्य के उद्योगों का एक नया केंद्र बनने की ओर अग्रसर है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार यहां साइंस कॉलेज मैदान में लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित ‘इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026’ के उद्घाटन समारोह में साय ने कहा कि उनकी सरकार की भूमिका उद्योगों के लिए केवल एक नियामक तक सीमित नहीं है, बल्कि उद्योग व निवेश के रास्ते को आसान बनाने के लिए एक सुविधा प्रदाता के रूप में कार्य करना भी है।

विभिन्न राज्यों के उद्यमियों, निवेशकों और औद्योगिक प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए उन्होंने उन्हें छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में भागीदार बनने और निवेश के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

उन्होंने कहा, “खनिज संसाधन, ऊर्जा, वन संपदा, मानव संसाधन और मध्य भारत में राज्य की अनुकूल भौगोलिक स्थिति इसकी प्राकृतिक ताकतें हैं। सरकार इन ताकतों को आधुनिक तकनीक, बेहतर बुनियादी ढांचे और निवेशक-अनुकूल नीतियों के साथ जोड़कर छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक व निवेश गंतव्यों में शामिल करने के लिए काम कर रही है।”

साय ने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योग, निवेशकों और अन्य हितधारकों के साथ व्यापक परामर्श के बाद ‘औद्योगिक विकास नीति 2024-30’ लागू की है।

उन्होंने कहा कि इस नीति का उद्देश्य केवल निवेश आकर्षित करना नहीं है, बल्कि एक ऐसा औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र बनाना है जिसमें निवेश, उत्पादन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था एक साथ बढ़ सकें। भाषा संजीव जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में