छत्तीसगढ़: नवा रायपुर में खुलेगा नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज का कैंपस

Ads

छत्तीसगढ़: नवा रायपुर में खुलेगा नरसी मोंजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज का कैंपस

  •  
  • Publish Date - September 1, 2026 / 09:14 PM IST,
    Updated On - September 1, 2026 / 09:14 PM IST

रायपुर, दो सितंबर (भाषा) छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर अटल नगर में नरसी मोनजी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (एनएमआईएमएस) अपना आधुनिक कैंपस स्थापित करेगा। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में संस्थान की स्थापना के लिए लीज अनुबंध और भूमि रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।

इसके साथ ही नवा रायपुर में संस्थान की स्थापना का मार्ग प्रशस्त हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि छत्तीसगढ़ के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक उच्च शिक्षा के लिए बड़े शहरों का रुख न करना पड़े और उन्हें अपने प्रदेश में ही प्रतिष्ठित संस्थानों के समान अवसर मिलें।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

अधिकारियों के अनुसार, नवा रायपुर अटल नगर के सेक्टर-18 में करीब 40 एकड़ भूमि पर कैंपस विकसित किया जाएगा।

संस्थान का संचालन करने वाले श्री विले पार्ले केलवणी मंडल (एसवीकेएम) को यह भूमि 90 वर्ष के पट्टे पर दी गई है।

राज्य मंत्रिपरिषद ने 21 जनवरी 2026 को भूमि आवंटन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी।

संस्थान का पहला शैक्षणिक बैच दो से तीन वर्षों में शुरू करने का लक्ष्य है।

पूरी तरह विकसित होने पर यहां करीब 10 हजार विद्यार्थी अध्ययन कर सकेंगे। अधिकारियों ने बताया कि संस्थान की स्थापना से प्रदेश में उच्च शिक्षा, कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी शिक्षा के नए अवसर सृजित होंगे।

भाषा संजीव जितेंद्र

जितेंद्र