छत्तीसगढ़ हर जिले में अंतरिक्ष केंद्र स्थापित करेगा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

Ads

छत्तीसगढ़ हर जिले में अंतरिक्ष केंद्र स्थापित करेगा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

  •  
  • Publish Date - February 3, 2026 / 07:59 PM IST,
    Updated On - February 3, 2026 / 07:59 PM IST

रायपुर, तीन फरवरी (भाषा) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को सरकार के ‘अंतरिक्ष संगवारी’ कार्यक्रम के तहत राज्य के पहले अंतरिक्ष केंद्र का उद्घाटन किया और घोषणा की कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में ऐसा केंद्र स्थापित किया जाएगा।

अधिकारियों ने बताया कि आईडीवाईएम फाउंडेशन के सहयोग से नवा रायपुर अटल नगर के राखी गांव में सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय में यह अंतरिक्ष केंद्र स्थापित किया गया है।

उद्घाटन समारोह में उपस्थित अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक ऊर्जावान राज्य है और यहां के बच्चों में अपार जिज्ञासा एवं क्षमता है।

उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष केंद्र का उद्घाटन बच्चों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने की दिशा में एक दूरदर्शी कदम है।

सभा को संबोधित करते हुए साय ने कहा कि अंतरिक्ष संगवारी पहल का विस्तार पूरे राज्य में किया जाएगा और विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने के लिए हर जिले में अंतरिक्ष केंद्र खोले जाएंगे।

उन्होंने कहा,‘‘यह अंतरिक्ष केंद्र सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि सपनों की एक प्रयोगशाला है, जहां बच्चे प्रयोगों और शोध के माध्यम से पाठ्यपुस्तकों से परे विज्ञान को समझेंगे।’’

मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतरिक्ष विज्ञान अब केवल जिज्ञासा का विषय नहीं रह गया है, बल्कि यह एक प्रमुख कैरियर और रोजगार का अवसर बनकर उभरा है।

उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में अंतरिक्ष केंद्र उपग्रह निर्माण, ट्रैकिंग, मौसम पूर्वानुमान और बादल मानचित्रण जैसे क्षेत्रों में व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा।

पिछले साल के अपने अंतरिक्ष मिशन को याद करते हुए, भारतीय वायु सेना के ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने कहा कि भारत ने 41 वर्षों के बाद एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है और यह यात्रा पूरे देश की है।

भाषा राजकुमार नरेश

नरेश