रायपुर, 27 अगस्त (भाषा) नेपाल में आई बाढ़ और भूस्खलन की घटना के बाद छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की रहने वाली मोनिका यादव के लापता होने की सूचना है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक रायपुर जिले के महादेव घाट (डीडी नगर थाना क्षेत्र) की निवासी मोनिका यादव नेपाल में बाढ़ आने के बाद से लापता हैं। परिजनों से भी उनका संपर्क टूट गया है।
उन्होंने बताया कि यादव 22 अगस्त 2026 से नेपाल प्रवास पर थीं। राज्य सरकार संबंधित अधिकारियों और केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय कर उनकी सुरक्षित तलाश के प्रयास कर रही है।
अधिकारियों ने बताया कि नेपाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन की आपदा के बीच छत्तीसगढ़ सरकार ने वहां मौजूद प्रदेश के नागरिकों की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्काल कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देश पर राज्य सरकार सभी जिलों से नेपाल गए नागरिकों की जानकारी एकत्र कर स्थिति पर लगातार नजर रख रही है।
उन्होंने बताया कि संकट की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार ने लोगों से सहयोग की अपील की है। सरकार ने कहा है कि नेपाल गए या वहां रह रहे प्रदेश के नागरिकों के संबंध में किसी के पास कोई जानकारी हो तो उसे तत्काल प्रशासन के साथ साझा करें।
छत्तीसगढ़ सरकार ने आश्वस्त किया है कि वह प्रभावित नागरिकों और उनके परिजनों की मदद के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य सरकार नेपाल में प्रभावित छत्तीसगढ़ के नागरिकों के संबंध में लगातार जानकारी जुटा रही है और उनके परिजनों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है।
भाषा
संजीव रवि कांत