छत्तीसगढ़ के वेदांता विद्युत संयंत्र विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हुई

Ads

छत्तीसगढ़ के वेदांता विद्युत संयंत्र विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 24 हुई

  •  
  • Publish Date - April 19, 2026 / 02:24 PM IST,
    Updated On - April 19, 2026 / 02:24 PM IST

रायपुर, 19 अप्रैल (भाषा) छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में वेदांता विद्युत संयंत्र में हुए विस्फोट में घायल हुए एक और श्रमिक की रविवार को मौत हो गई जिससे इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि 11 अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है और इनमें से दो की हालत गंभीर बताई गई है।

एक सरकारी अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उत्तर प्रदेश के सोनभद्र निवासी मनीष कुमार की तड़के रायगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई।

इसके साथ ही 14 अप्रैल को हुई इस घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 24 हो गई है।

सिंघीतराई गांव स्थित वेदांता लिमिटेड के बिजली संयंत्र में बॉयलर से टरबाइन तक उच्च दबाव की भाप ले जाने वाली इस्पात की एक ‘ट्यूब’ में विस्फोट हुआ था, जिससे कई श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए थे।

अधिकारियों के अनुसार, चार कर्मियों की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि नौ अन्य ने घटना के तुरंत बाद दम तोड़ दिया। अस्पतालों में भर्ती सात और घायल कर्मियों की 15 अप्रैल को मौत हो गई थी जबकि रायपुर के एक अस्पताल में भर्ती एक अन्य श्रमिक ने 16 अप्रैल को दम तोड़ दिया था। अस्पतालों में भर्ती दो और कर्मियों की शनिवार को मौत हो गई थी।

मृतकों में पश्चिम बंगाल के सात, छत्तीसगढ़ के पांच, झारखंड के चार, उत्तर प्रदेश के चार तथा बिहार और मध्य प्रदेश के दो-दो श्रमिक शामिल हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि 11 घायलों में से छह रायगढ़ के जिंदल अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बालाजी मेट्रो अस्पताल में दो और एपेक्स अस्पताल, रायगढ़ में दो मरीज भर्ती हैं। एक अन्य श्रमिक का इलाज रायपुर के श्री शंकरा अस्पताल में किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इनमें से दो की हालत गंभीर है।

सक्ती के पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने पहले कहा था, ‘‘इस मामले में दर्ज प्राथमिकी में वेदांता समूह के चेयरमैन अनिल अग्रवाल और संयंत्र प्रमुख देवेंद्र पटेल समेत आठ से 10 लोगों को नामजद किया गया है। जांच के दौरान यदि और लोग जिम्मेदार पाए जाते हैं तो उनके नाम भी जोड़े जाएंगे।’’

भाषा

सिम्मी संतोष

संतोष