Reported By: Komal Dhanesar
,Bhilai News/Image Source: IBC24
भिलाई: Bhilai News: नवरात्रि के अवसर पर कैंप-2 क्षेत्र में निकाली जा रही माता की चुनरी यात्रा के दौरान देर रात बड़ा हंगामा हो गया। धार्मिक माहौल के बीच अचानक चाकूबाजी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में कुछ लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों सोनू कुरैशी और उसके छोटे भाई शानू कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पर हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार चुनरी यात्रा अटल उद्यान के पास से गुजर रही थी, तभी यात्रा सोनू कुरैशी के घर के सामने पहुंची। उसी दौरान पीछे प्रसाद वितरण कर रहे बच्चों के साथ कुछ लोगों का विवाद हो गया। जब यात्रियों ने गाली-गलौच से मना किया तो सोनू और शानू कुरैशी घर से खंजरनुमा चाकू लेकर बाहर आ गए और हमला कर दिया। इस हमले में कुछ लोग घायल हो गए जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के तुरंत बाद मौजूद लोगों ने दोनों आरोपियों को पकड़कर छावनी थाने के हवाले कर दिया। छावनी सीएसपी हेम प्रकाश नायक ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह विवाद प्रसाद वितरण के दौरान बच्चों के बीच कहासुनी से शुरू हुआ था जो बाद में हिंसक रूप ले लिया।
Bhilai News: घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल, युवा मोर्चा और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता रात में ही छावनी थाने पहुंच गए और घेराव किया। स्थिति बिगड़ती देख इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है। बता दें कि यह क्षेत्र मुस्लिम बहुल माना जाता है, और इससे पहले भी यहां मंदिर तोड़ने और अटल जी की प्रतिमा लगाने को लेकर विवाद हो चुके हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की गई है।